ये है “बेवफा सत्तू” वाले- प्यार में धोखा मिला बस खोल दिया सत्तू का स्टॉल….

Bewafa Sattu Wale: इन दिनों देश में अजीबोगरीब नाम से चाय की दुकान खोलने का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। एमबीए चाय और ग्रेजुएट चाय के बाद अब गोपालगंज में एक युवक ने अपनी दुकान का नाम कुछ ऐसा रखा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह जाएगा। युवक ने सत्तू की दुकान खोल रखी है। इस दुकान का नाम है “बेवफा सत्तू वाले”। यह दुकान खुलने के बाद ही आकर्षण का केंद्र बन गई। सत्तू की इस दुकान पर प्यार में धोखा खा चुके लोगों को खास ऑफर दिया जा रहा है। लेकिन यह ऑफर सिर्फ प्यार करने वाले कपल और प्यार में धोखा खा चुके लोगों के लिए है। आइए जानते हैं इस अनोखी दुकान के बारे में।

यह शख्स गोपालगंज जिले के सुनील कुमार साह हैं। सुनील ने बताया कि वह किराए के कमरे में रहता है और प्रतिदिन गोपालगंज बस स्टैंड के पास बेवफा सत्तू के नाम से स्टॉल लगाता है। इस स्टॉल पर ज्यादातर प्रेमी युगल सत्तू पीने आते हैं। प्रेमी जोड़े को विशेष छूट भी दी जाती है। प्रेमी जोड़े को सुनील सिर्फ 15 रुपए में सत्तू देता है। खास बात यह है कि प्यार में धोखा खा चुके लोगों को वह महज 10 रुपये में शुद्ध चने का सत्तू देता है। जब सुनील से पूछा गया कि उनके स्टॉल का नाम बेवफा सत्तू रखने का ख्याल उनके दिमाग में कैसे आया तो उन्होंने बताया कि ऐसा कुछ नहीं है, यह उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा है। बस एक ख्याल आया दिमाग में और बेवफा सत्तू के नाम से स्टॉल लगा लिया।

सुनील कुमार साह ने कुछ महीने पहले गोपालगंज बस स्टैंड के पास अपना बेवफा सत्तू का स्टॉल लगाना शुरू किया है। कुछ ही दिनों में यह गोपालगंज में भी चर्चा का विषय बन गया है। जो भी स्टॉल देखता है, वहीं पहुंच जाता है। वे न केवल सत्तू पीते हैं बल्कि ऐसा नाम रखने के पीछे का कारण भी पूछते हैं। सुनील बस मुस्कुराता है और सिर हिलाता है।