बूढ़ी गंडक के तेज बहाव में युवक डूबा

मंझौल : मंझौल ओपी क्षेत्र के पबरा गांव में शनिवार दोपहर बाद पबरा वार्ड आठ निवासी स्वर्गीय विजय सिंह के दमाद राजेश कुमार बूढ़ी गंडक नदी में डूब गए। इसकी सूचना पाते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार बखरी थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी प्रभाकांत राय के पुत्र राजेश कुमार की शादी लगभग 10 साल पहले पबरा निवासी स्वर्गीय विजय सिंह के पुत्री से हुई थी।

घटना की सूचना पाकर बखरी से पिता प्रभकान्त राय पबरा पहुंचे, उन्होंने ने घटना के बारे में जानकारी होने पर आने की बात कही। वहीं कारणों के बारे में बताया कि डूबने की कोई विशेष कारण नहीं है। सबकुछ ठीक चल रहा था। तो कोई शौक से क्यों डूबेगा। उसको तैरने में महारथ हासिल था। उक्त युवक दिल्ली में रहता था। कोरोना काल मे लॉक डाउन में घर आया था। जिसके बाद तीन महीने से ससुराल में ही था।

घटना स्थल पर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाने के क्रम में डूब जाने की बात सामने आई। वह बहुत देर तक तैरकर किनारे आने का प्रयास करता रहा लेकिन पानी के तेज बहाव में डूब गया। जब तक लोग नाव से पहुंच पाते वह पानी के भीतर चला गया। डूबने की सूचना गांव में कानों कान मिलते ही दर्जनों लोग बिना मास्क के घाट पर पहुंच गए। इधर डूबने की सूचना पाकर मंझौल ओपी अध्यक्ष सुबोध कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया। खोजबीन के लिए पबरा पूर्व सरपंच अरविंद सिंह, उप सरपंच गोपाल सिंह, मंझौल पंचायत चार के मुखिया राजेश कुमार उर्फ रामलोली सिंह, कमलेशवरी सिंह , अशोक भारती, चन्द्रमौलि सिंह, प्रो रौशन, रविकांत मिश्रा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता घाट पर डटे हुए थे । समाचार प्रेषण तक ग्रामीणों के द्वारा नाव से डूबे हुए व्यक्ति की खोजबीन की जा रही है।