बखरी में संदिग्ध अवस्था में हुई दो मौत परिजनों ने मृतकों द्वारा शराब के सेवन से किया इंकार, पोस्टमार्टम से होगा खुलासा

न्यूज डेस्क , बेगूसराय : बखरी में दो व्यक्तियों की हुई मौत का मामला अब उलझता जा रहा है। मृतक के परिजनों में डीएम व एसपी के सामने मृतक के द्वारा शराब की सेवन किये जाने की बात से इंकार किया है। अब पोस्टमार्टम के रिपोर्ट का सभी लोगों को इंतजार है। जिला पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने बखरी के गोदियारी इलाके के दो व्यक्तियों के संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के उपरांत इन क्षेत्रों का दौरा कर स्थितियों का जायजा लिया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि मृतक राजकुमार साहनी तथा सकलदेव चौधरी के शवों को पोस्टमॉर्टम हेतु सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों से भी बात कर वास्तविक स्थितियों को जानने का प्रयास किया गया है।

इससे पूर्व जिला पदाधिकारी ने बताया कि आज सुबह सूचना प्राप्त हुई कि बखरी के गोदियारी अंतर्गत वाई-17 के दो व्यक्तियों राजकुमार साहनी एवं सकलदेव चौधरी की संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु हो गई है। इनमें से राजकुमार साहनी तथा सकलदेव चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है जबकि बिरजू चौधरी बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में इलाजरत हैं। इस संबंध में सूचना प्राप्त होने पर मृतकों के घर जाकर उनके परिजनों से पूछलाछ की गई। सभी परिजनों ने मृतकों द्वारा शराब के सेवन से इंकार किया है। इलाजरत बिरजू चौधरी से भी पूछताछ की गई। उसके द्वारा भी शराब के सेवन से इंकार किया गया है। हालाकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की प्राप्ति के पश्चात ही मृत्यु की वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, बखरी अशोक गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, बखरी नगर परिषद राजेश कुमार पासवान सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।