आज नहाय खाय के साथ शुरू लोकआस्था का महापर्व छठ, बाजारों में गहमागहमी बढ़ी

डेस्क : आज बुधवार से नहाय खाए के साथ चार दिवसीय छठ पर्व का शुभारंभ होगा। लोकआस्था का महापर्व छठ चार दिनों तक चलने बाला एकमात्र पर्व है। छठ पर्व के लिए नहाय खाय का विशेष महत्व है। इसमें कद्दू एवं अरवा चावल का भात ओर चना का दाल खाने की मान्यता है। जिले भर में नहाय खाय की पूर्व संध्या बेला में बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की काफी भीड़ जमी रही हालांकि इस वर्ष वर्षा अधिक होने के कारण सब्जी की खेती की भारी क्षति हुई है, जिससे सब्जी के दाम आसमान छू रहे हैं।

छठ को लेकर बेगूसराय के बाजारों में लोगों की भीड़ जम रही है । जिले के बरौनी , बखरी , बलिया , छौड़ाही , मटिहानी , मंझौल आदि बाजारों में मंगलवार को 40 से 50 रुपये प्रति कद्दू की बिक्री हुई।छठ पूजा को लेकर संपूर्ण जिले में उत्सवी माहौल देखने को मिल रहा है। बुधवार को हो रहे नहाय-खाय अनुष्ठान को लेकर लोग अपने घर आंगन में साफ-सफाई को लेकर प्रसाद के लिए गेंहू की धुलाई, कुटाई और सुखाने का काम नियम पूर्वक किया। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं द्वारा छठ के लोक गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया है।

बुधवार : नहाय खाय
गुरुवार : खरना
शुक्रवार : अस्ताचल गामी सूर्य को संध्या अर्ध्य
शनिवार : उदयाचल भगवान भास्कर को अर्ध्य