Thieves stole computer systems from Begusarai Municipal Corporation office

बेगूसराय नगर निगम कार्यालय में सेंधमारी : चोरों ने उड़ाए कंप्यूटर सिस्टम, महत्वपूर्ण डाटा चोरी होने की आशंका..

Miracare MULTISPECIALITY logo1b

Begusarai News : बेगूसराय में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने नगर निगम कार्यालय को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने नगर निगम के कार्यालय में सेंध लगाकर 3 कंप्यूटर सिस्टम और 1 CPU चुरा लिया। इन कंप्यूटरों में नगर निगम के कर विभाग से जुड़ा कई महत्वपूर्ण डाटा होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी बुधवार सुबह तब हुई जब नगर निगम के कर्मचारी रोजाना की तरह कार्यालय पहुंचे। जैसे ही कर्मचारी उस कमरे में पहुंचे जहां कर दारोगा बैठते हैं, उन्होंने देखा कि वहां रखे कंप्यूटर और सीपीयू गायब हैं। इसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद नगर थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

पुलिस और नगर निगम के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोर नगर निगम कार्यालय के पीछे स्थित नगर पालिका मार्केट की ओर से खिड़की और छज्जे का सहारा लेते हुए वेंटिलेटर तोड़कर भीतर दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने कर विभाग के कमरे में प्रवेश किया और वहां से कंप्यूटर सिस्टम और सीपीयू लेकर फरार हो गए।

नगर निगम अधिकारियों की मानें तो चोरी गए कंप्यूटरों में कर विभाग का महत्वपूर्ण डाटा स्टोर था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोरी गए सिस्टम में कितना और किस प्रकार का डाटा मौजूद था। नगर निगम के कर्मचारी अब चोरी गए सामानों की सूची तैयार करने और बचे हुए उपकरणों की जांच करने में जुटे हुए हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now