मुख्य बिंदु:
- पंचायत के स्वच्छता मित्र की सोते समय गोली मार हत्या
- गली में कचरा फेंकने को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह
- दो संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
- एसपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की
Begusarai News : बेगूसराय के मटिहानी थाना क्षेत्र में कचरा फेंकने को लेकर हुआ विवाद मंगलवार की तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात में बदल गया। सोए अवस्था में पंचायत के स्वच्छता मित्र बसंत सिंह (50 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक मीनापुर निवासी स्व. राम उदित सिंह के अविवाहित पुत्र थे।
पुलिस के अनुसार, बसंत सिंह अपने भाई बबलू सिंह के साथ रहते थे। उनका पड़ोसी राजाराम सिंह और अशोक सिंह के परिवार से लंबे समय से गली की जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। बताया गया कि दीपावली की शाम गली में कचरा फेंकने को लेकर दोनों परिवारों के बीच फिर झड़प हुई थी। इस दौरान एक पक्ष की जमुना देवी और बसंत सिंह के बीच कहासुनी भी हुई।
रात में जब बसंत सिंह अपने घर में सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उनके सीने में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मटिहानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, मृतक के भाई बबलू सिंह ने इस मामले में राजाराम सिंह, अशोक सिंह सहित सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।