Begusarai News : जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से आज कारगिल विजय सभा भवन में ‘जिला सड़क सुरक्षा समिति’ की बैठक आयोजत की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने की।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि जनवरी 2026 में कुल 1.07 करोड़ रुपये से अधिक की शमन राशि वसूली गई। वहीं फरवरी माह में परिवहन विभाग ने 1.01 करोड़ रुपये और पुलिस प्रशासन ने 44.47 लाख रुपये की वसूली की। विशेष अभियान के तहत बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और प्रदूषण मानकों के उल्लंघन में 1,115 वाहनों से 11.46 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिले में 36 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 21 स्थलों पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सुरक्षा कार्य पूरे कर लिए गए हैं, जबकि 10 स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने इन क्षेत्रों में साइनेज, रम्बल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर और हाई मास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए SH-55 (बेगूसराय-रोसड़ा पथ) पर रजौड़ा चौक पुल के पास अतिक्रमण हटाने और रामधारी सिंह दिनकर अभियंत्रण महाविद्यालय के समीप सर्विस लेन में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा गया। साथ ही बरौनी जीरो माइल से रिफाइनरी गेट तक अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ‘हिट एंड रन’ मामलों की भी समीक्षा की गई। 1 अप्रैल 2022 से अब तक 731 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें से 386 मामलों में मुआवजा का भुगतान किया जा चुका है। सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले ‘गुड सेमेरिटन’ को 25,000 रुपये प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है, जिसके तहत जिले से 5 लोगों की सूची भेजी गई है।
नई पहल के तहत मंझौल में ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक के निर्माण के लिए 1 एकड़ भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के किनारे स्थित बिजली के खंभों को हटाने का कार्य भी प्रगति पर है। बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।


