Begusarai News

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर बरसे लोग, सोशल मीडिया पर जमकर सुनाई खरी-खोटी

Begusarai News : केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर बिहारवासियों के निशाने पर हैं। मामला सेमीकंडक्टर निर्माण इकाइयों को लेकर है। दरअसल, गिरिराज सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर केंद्र सरकार द्वारा ओडिशा, पंजाब और आंध्रप्रदेश में 4,600 करोड़ रुपये की लागत से नई सेमीकंडक्टर निर्माण इकाइयों की स्वीकृति मिलने की जानकारी साझा की।

उन्होंने यह भी बताया कि छह राज्यों में कुल 10 स्वीकृत इकाइयों में 1.60 लाख करोड़ रुपये का निवेश होगा। बिहार का नाम इस सूची में न देखकर बिहारवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने गिरिराज सिंह समेत बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाले तमाम नेताओं से सवाल दागे।

फेसबुक यूजर्स ने तंज कसते हुए लिखा कि “इस प्रोजेक्ट में एक लाइन और जोड़ दीजिए- अकुशल मजदूर, झाड़ू-पोछा, चपरासी, ड्राइवर, गेट गार्ड और कैंटीन बॉय बिहार से सप्लाई किए जाएंगे।”

एक फेसबुक यूजर ने लिखा-आप केंद्र सरकार में मंत्री हैं, बिहार को क्या मिला? क्या बिहार में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग नहीं हो सकती?”

एक अन्य यूजर ने सवाल किया-“क्या मंत्री जी ने पोस्ट करने से पहले प्रधानमंत्री से यह नहीं पूछा कि चुनाव से पहले एकाध प्लांट बिहार में भी शुरू किया जाए।”

किसी ने लिखा — “मंत्री जी, चुनाव भी पंजाब, आंध्र प्रदेश या उड़ीसा से ही लड़ लीजिए।”

एक यूजर ने लिखा- बिहार में सिर्फ ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए,तब ना यहां के मजदूर जायेंगे वहां काम करने

गौरतलब है कि बिहार में लंबे समय से औद्योगिक निवेश की कमी को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है। सेमीकंडक्टर जैसे हाई-टेक सेक्टर में बिहार की हिस्सेदारी शून्य रहना इस नाराजगी को और बढ़ा रहा है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now