Begusarai News : आगामी होली पर्व के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को कारगिल विजय सभा भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने होली पर्व के अवसर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखने, ट्रिपल लोडिंग पर सख्ती से रोक लगाने तथा नशा कर हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
जिला पदाधिकारी ने सभी की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर होलिका दहन किया जाता है, उनकी सूची तैयार कर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सके।
नगर आयुक्त को शहरी क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया गया। वहीं उत्पाद (एक्साइज) विभाग को अवैध शराब की रोकथाम के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने संवेदनशील एवं संभावित साम्प्रदायिक दृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के भी निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि होली के दौरान संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर गश्ती की व्यवस्था रहेगी। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी तथा असामाजिक तत्वों एवं हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि होली के अवसर पर आयोजित होने वाले किसी भी सामाजिक या सार्वजनिक कार्यक्रम की पूर्व सूचना स्थानीय प्रशासन को दी जाए। सभी जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों से किसी भी घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।


