Final Publication Begusarai Voter List : बेगूसराय में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। एक जुलाई 2025 की अहर्ता तिथि के अनुसार डीएम तुषार सिंगला द्वारा जारी सूची में जिले के कुल मतदाताओं की संख्या 21 लाख 29 हजार 452 दर्ज की गई है।
जारी आंकड़ों के अनुसार, जिले में पुरुष मतदाताओं की संख्या 11 लाख 30 हजार 640, महिला मतदाताओं की संख्या 9 लाख 98 हजार 773 और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 39 है। प्रकाशित सूची के मुताबिक जिले का निर्वाचक लिंगानुपात 883 और निर्वाचक जनसंख्या अनुपात 0.59 है।
डीएम के अनुसार जिले में कुल 2,537 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस लिहाज से प्रति मतदान केंद्र औसतन 839 मतदाता होंगे। आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले की आबादी 29 लाख 70 हजार 541 थी। जबकि 2025 में अनुमानित जनसंख्या 36 लाख 22 हजार 771 आंकी गई है।
विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिले में 1 लाख 67 हजार 756 मतदाताओं के नाम हटाए गए थे। वहीं दावा–आपत्ति निपटारे के बाद 52 हजार 64 मतदाता पुनः जोड़े गए। नतीजतन, प्रारूप सूची में दर्ज 20 लाख 77 हजार 388 मतदाताओं की संख्या बढ़कर अंतिम सूची में 21 लाख 29 हजार 452 हो गई।
हालांकि, यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में अभी भी कम है। 24 जून को प्रकाशित मतदाता सूची में जिले के कुल मतदाता 22 लाख 45 हजार 144 थे, जो घटकर अब 21 लाख 29 हजार 452 रह गए हैं।