बेगूसराय में गीदड़ ने घर मे घुसकर पांच लोगों को काट कर किया घायल अस्पताल में भर्ती

न्यूज डेस्क : बेगूसराय के छौड़ाही ओपी क्षेत्र के सावंत गांव में सोमवार की दोपहर एक घर के आंगन में घुसकर गीदड़ के एक झुंड ने कई लोगों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों का इलाज पीएचसी छौड़ाही में चल रहा है। दो घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सावत गांव के फकीर टोला के एक घर के आंगन में आस पड़ोस के लोग बैठकर बातचीत कर रहे थे। उसी समय खेत से गीदड़ का एक झुंड एकाएक निकल कर आंगन में प्रवेश कर गया। जब लोगों ने आंगन से गीदड़ों को भगाना चाहा कि गीदड़ों के झुंड ने आंगन में ही लोगों पर ही हमला कर दिया। गीदड़ ने पांच लोगों को जगह-जगह काट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

वही आक्रामक गीदड़ से बचने के लिए इधर-उधर भागने के क्रम में सात लोग चोट लगने से घायल हो गए। गीदड़ के काटने से गंभीर रूप से घायल सावंत फकीर टोला निवासी नासरिन खातुन, सुफियान, हसीना, कनीजा खातुन, मुर्तजा का इलाज पीएचसी छौड़ाही लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर एंटी रेबीज सुई घायलों को लगाया। वहीं चोट लगने से घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है। दूसरी तरफ शेख फूलहसन ने ग्रामीणों के साथ पीएचसी पहुंच घायलों के स्वास्थ्य का जायजा लिया। उन्होंने प्रखंड क्षेत्र में गीदड़ के आक्रामक होने एवं अब तक कई लोगों को काट कर घायल कर देने, घायलों में से कई की मौत हो जाने की बात कहते हुए वन विभाग से की गीदरों पर अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं घायलों को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की है। इस संदर्भ में घायलों के स्वजनों ने अंचलाधिकारी छौड़ाही को आवेदन देकर मुआवजा की मांग की है।