Begusarai News : बेगूसराय में हमलावरों ने पूर्व मुखिया और उनके भतीजे पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मामला बछवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रुदौली पंचायत का है।
छज्जे के विवाद से बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, रुदौली पंचायत के पूर्व मुखिया सुनील कुमार सिंह गांव में घूम रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव के ही शिवजी शर्मा द्वारा अपने मकान के छज्जे को तय सीमा से आगे बढ़ा दिया गया है, जिससे आम रास्ते पर बाधा उत्पन्न हो रही है और राहगीरों को परेशानी हो सकती है।
पूर्व मुखिया सुनील कुमार जब इस संबंध में बात करने शिवजी शर्मा के पास पहुंचे, तो बात विवाद में बदल गई। इसी दौरान शिवजी शर्मा के घर से एक युवक बाहर निकला और अचानक ईंट से हमला कर दिया। हमले में सुनील कुमार सिंह बुरी तरह घायल हो गए। जब यह दृश्य देखकर उनके भतीजे अमित कुमार दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव की कोशिश की, तभी शिवजी शर्मा ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे अमित कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बछवारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों में तनाव फैल गया था, जिसे पुलिस ने बातचीत कर शांत किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, दोनों घायलों का इलाज बेगूसराय के एक निजी नर्सिंग होम में जारी है, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है।