Flood in Bihar

बेगूसराय समेत बिहार के 10 जिलों में बाढ़- CM नीतीश ने मुआवजा जल्द बांटने को कहा

Miracare MULTISPECIALITY logo1b

Flood in Bihar : बेगूसराय सहित बिहार के कई जिलों में नदियां उफान पर हैं और बाढ़ का कहर जारी है। प्रदेश में अब तक करीब 25 लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित हो चुकी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए CM नीतीश कुमार ने बुधवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राहत और बचाव कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की।

बैठक में विकास आयुक्त सह आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को ताजा स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भारी बारिश और नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण गंगा किनारे के 10 जिले भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार सबसे अधिक प्रभावित हैं। इन जिलों के 54 प्रखंडों की 348 पंचायतों में बाढ़ का असर है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपदा प्रबंधन विभाग प्रतिदिन हालात की समीक्षा कर रहा है और जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर शीघ्र आनुग्रहिक राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि बेगूसराय के 8 प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हैं। जिला प्रशासन ने पीड़ितों के लिए विभिन्न स्थानों पर कम्युनिटी किचन शुरू किए हैं। बाढ़ग्रस्त इलाकों में नावें राहत कार्य में जुटी हैं, चिकित्सा सुविधा के लिए मेडिकल कैंप चल रहे हैं। पशुपालकों के लिए चलंत पशु चिकित्सा दल सक्रिय हैं। राहत सामग्री के तहत पॉलिथीन शीट्स और पशु चारा वितरित किया गया है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now