Begusarai News : बिहार की नई नीतीश सरकार में गन्ना उद्योग मंत्री बने बेगूसराय जिले के बखरी विधायक संजय कुमार पासवान ने पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के बंद पड़े चीनी मिलों को पुनः संचालित करने के लिए सरकार गंभीर पहल करेगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में गन्ना किसानों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दिशा में विभाग की सभी प्रक्रियाओं को तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाया जाएगा। संजय पासवान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गन्ना किसानों को ईंख मूल्य का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए और मिल संचालन से जुड़ी सभी गतिविधियों में सरलता, गति और जवाबदेही लाई जाए।
उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में नवाचार, पारदर्शिता और जमीनी निगरानी को मजबूत करना अनिवार्य है, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक समय पर पहुंच सके। मंत्री ने कहा कि बंद चीनी मिलों के पुनः संचालन के लिए व्यापक समीक्षा की जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे किसानों और गन्ना उद्योग दोनों को लाभ हो।
गौरतलब है कि चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) के कोटे से संजय पासवान को कैबिनेट में स्थान मिला है। बखरी से पहली बार चुनाव लड़कर 17 हजार से अधिक मतों से जीत दर्ज करने वाले संजय पासवान की कुल संपत्ति 22.30 लाख रुपये है, जो नीतीश कैबिनेट में सबसे कम है। ग्रेजुएट संजय पासवान बेगूसराय के पोखरिया के निवासी हैं और आरक्षित बखरी सीट से लोजपा-आर के टिकट पर विजयी हुए।

