बेगूसराय के लाल राजेश राज को मिला ‘इंडियन आइकन ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार…

दिल्ली के पांच सितारा होटल में टाइम्स मीडिया ग्रुप द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी और गुजरे जमाने के मशहूर ऑलराउंडर संदीप पाटिल ने दूरदर्शन न्यूज़ दिल्ली में कार्यरत राजेश राज को इंडियन आइकॉन ऑफ़ द ईयर अवार्ड 2023 से सम्मानित किया।

राजेश राज को यह पुरस्कार राजनीतिक पत्रकारिता में उनके उत्कृष्ट और उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। इस मौके पर दिल्ली पुलिस के डीसीपी आलोक कुमार और पत्रकार पंकज प्रसून भी मौजूद थे। समारोह में देश की दो दर्जन से भी ज्यादा नामचीन हस्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। इन लोगों की फेहरिस्त में बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले राजेश राज का नाम भी शुमार है।

बेगूसराय जिले के मंझौल के रहने वाले राजेश राज दूरदर्शन न्यूज़ दिल्ली के लिए संसद की रिपोर्टिंग करते हैं। बचपन से ही क्रिकेट के शौकीन राजेश राज का कहना है कि एक साधारण क्रिकेट खिलाड़ी के लिए एक इंटरनेशनल क्रिकेट खिलाड़ी संदीप पाटिल के हाथों अवार्ड पाना गर्व की अनुभूति कर रहा है।

राजेश राज ने इस पुरस्कार को अपने गांव मंझौल, जिला बेगूसराय और प्रांत बिहार को समर्पित किया है. सामाजिक कार्यों में गहरी अभिरुचि रखने वाले राजेश राज ने कहा कि मंझौल के शताब्दी मैदान से क्रिकेट खेलने का शुरू हुआ सफर दिल्ली के जेएनयू ग्राउंड तक ले गया और आज यह पुरस्कार हमें अपने पुराने दिनों की याद ताजा कर रहा है।