Begusarai News: खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन बेगूसराय द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
जिला पदाधिकारी Shrikant Shastri के निर्देशानुसार जिले के सभी पैक्स (PACS) एवं व्यापार मंडलों में अधिप्राप्त धान के भौतिक सत्यापन के लिए विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
इस सत्यापन का मुख्य उद्देश्य राज्य अधिप्राप्ति पोर्टल (SFPP) एवं केंद्रीय अधिप्राप्ति पोर्टल (CFPP) पर प्रदर्शित धान खरीद के आंकड़ों का भौतिक मिलान करना है, ताकि आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे दिनांक 02 अप्रैल 2026 को संबंधित प्रखंडों में जाकर अधिप्राप्त धान की मात्रा का भौतिक सत्यापन करें तथा उसी दिन अपराह्न 05:00 बजे तक अपनी अंतिम जांच रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इस कार्य के लिए विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों को अलग-अलग प्रखंडों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक जांच दल के सहयोग के लिए संबंधित प्रखंड के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी (BCEO) को भी सहयोगी पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है।
जिला पदाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिया गया है कि दिनांक 31.03.2026 तक ऑनलाइन प्रदर्शित धान की मात्रा का सत्यापन विभागीय मार्गदर्शिका के अनुसार अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि अधिप्राप्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।


