Begusarai news:बेगूसराय में आए दिन नए-नए जमीन विवाद के मामले सामने आते रहते हैं. अब बेगूसराय के भगवानपुर थाना क्षेत्र के रसलपुर स्थित जोकिया बहियार में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. जमीन विवाद खूनी खेल में तब्दील हो गया. इस मारपीट ने हिंसक मोड़ ले लिया. दोनों पक्षों के बीच लाठी, डंडे, और धारदार हथियार का इस्तेमाल हुआ. उसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी भी हुई. फायरिंग में एक व्यक्ति को गोली लगी है जबकि कई अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए हैं.
क्यों हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार 9 कट्ठा जमीन को लेकर दोनों पक्षों में पहले से गहमा-गहमी और विवाद चल रहा था. मारपीट में घायल निर्मल चौधरी ने बताया कि जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ है उस जमीन की डिग्री उन्हें कोर्ट से प्राप्त है. चौधरी का आरोप है कि विरोधी पक्ष के सोनू चौधरी, प्रेम शंकर चौधरी, रामलाल चौधरी समेत कई लोग उस जमीन पर आ गए थे और हथियार के बल पर जबरदस्ती गेहूं काटकर दाऊनी कर रहे थे. सूचना मिलने के बाद वो जब अपने खेत पर पहुंचे और इस बात का विरोध किया.
आरोप है कि जैसे ही उन्होंने विरोध किया वैसे ही उन लोगों ने हमला बोल दिया. वो लोग इस हिंसक झड़प के लिए पहले से तैयार थे और अपने पास लाठी, डंडा और धारदार हथियार भी रखे हुए थे. सबसे पहले उन्होंने हमला शुरु किया और इसी दौरान फायरिंग भी शुरु कर दी. गोलीबारी शुरु होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस के अनुसार फायरिंग के दौरान उपेंद्र चौधरी को गोली लगी है. इसके अलावा उमेश चौधरी, संतोष चौधरी, निर्मल चौधरी समेत अन्य कई लोग धारदार हथियार से घायल हो गए हैं. जिनमें से 2 लोगों की स्थिति नाजुक हो गई है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को किसी तरह नियंत्रित किया. डीएसपी मौके पर पहुंचे मामले की जांच में जुट गए. सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनका इलाज जारी है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके. पुलिस दोषियों की भी पहचान कर रही है.
ये भी पढ़ें: बेगूसराय में अपराधियों का तांडव जारी, टहलने निकले युवक का मारी आंख में गोली


