Begusarai news: बेगूसराय जिले में बढ़ती गर्मी को लेकर हाई अलर्ट किया गया है. जिले में संभावित लू को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. इसे लेकर बेगूसराय डीएम श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभाग की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानि IMD के पुर्वानुमान को देखते हुए बताया गया कि अप्रैल से मई 2026 के बीच बिहार के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पूरी सतर्कता बरतने और जरुरी तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. विभिन्न विभागों की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हो गई. डीएम ने नगर निकाय और पीएचईडी को भी जरुरी दिशा-निर्देश दिए गए ताकि सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था की जाए.
खराब चापाकलों की मरम्मत और जल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकर के जरिए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग को भी लू से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष वार्ड बनाने और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. सिविल सर्जन ने बताया कि सदर अस्पताल में 10 बेड, अनुमंडलीय अस्पताल में 6 बेड और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 5-5 बेड की व्यवस्था की गई. इसके साथ ही चलंत चिकित्सा दल भी तैयार करने को कहा गया.
शिक्षा विभाग को भी स्कूलों के समय में बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा, गर्मी बढ़ने पर जल्दी छुट्टियां करने के लिए भी आदेश दिए गए. इसके अलावा मनरेगा और अन्य निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए कार्य समय बदलने का निर्देश दिया गया.
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि वो अधिक से अधिक पानी पीएं. इसके अलावा ओआरएस और तरल पदार्थ का सेवन करें. दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने के निर्देश दिए गए. इस मौसम में किसी भी आपात स्थिति के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24X7 सक्रिय है. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 06342-450626 और 9279808780 जारी किए गए हैं.
ये भी पढ़ें:बेगूसराय में संदिग्ध हालात में बेड के नीचे मिली लाश, पूरे शरीर पर चोट के निशान


