Begusarai news: बेगूसराय में एक बार फिर अपराध की कहानी सामने आई है. मुफ्स्सिल थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है. युवक की लाश बंद घर में बेड के नीचे मिली है. युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस और सदर वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे. मौके पर एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र मोहनपुर गांव स्थित वार्ड नंबर 10 की है.
मृतक की पहचान राहुल कुमार के तौर पर हुई है. उसके पिता का नाम महेश सिंह है. राहुल अपने पिता के इकलौते बेटे हैं. बेटे की मौत के बाद पिता की तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया है. राहुल कुमार का 3 साल का बेटा है जो कैंसर से पीड़ित है. कुछ दिनों पहले ही उसकी पत्नी और मां उसे लेकर इलाज के लिए दिल्ली गई थी. घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी.
प्राइवेट कंपनी में काम करता था राहुल
गांव के पूर्व मुखिया ने बताया कि मृतक राहुल एक प्राइवेट कंपनी में नोौकरी करता था. उसकी ड्यूटी नाइट शिफ्ट में रहती थी. राहुल सोमवार दिन में करीब 12 बजे घर आया था. रात नें जब उसके पिता घर आए तो गेट बंद था. जब आवाज देने पर भी गेट नहीं खुला तो आसपास के लोगों को बुलाया गया. ग्रामीण सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर में घुसे. गेट खोला फिर अंदर घुसे तो राहुल को संदिग्ध हालत में मृत पाया.
रुम में बेड के नीचे राहुल की लाश पड़ी थी. मृतक के सिर, कंधा, गर्दन पर जख्म हैं. उसके छाती पर भी चोट का निशान है. लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि ये घटना कैसे हुई. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पहलुओं पर पुलिस पड़ताल कर रही है. पहली बार देखने से लग रहा है कि मृतक के साथ मारपीट की गई है. मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. शरीर में खरोंच के निशानऔर सिर पर चोट के निशान भी हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. मृतक के पिता कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं. फिलहाल पुलिस हर तरीके से मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: बेगूसराय की शिक्षिका का बड़ा दिल! रिटायरमेंट पर स्कूल को दान किए ₹2.51 लाख


