Begusarai News

बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: गंगा स्नान से लौट रहे IRB जवान और उनकी मां की मौत, दो युवक गंभीर रूप से घायल

Begusarai News : बेगूसराय में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें IRB जवान और उनकी मां की दर्दनाक मौत हो गई। घटना साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-31 हीराटोल जीरोमाइल के समीप का है। बताया जाता है हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार कार ने यूटर्न ले रहे एक टेम्पो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टेम्पो असंतुलित होकर सामने चल रही एक बाइक से जा भिड़ा, जिससे बाइक सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, मृतक IRB जवान की पहचान सुपौल जिले के बरायन निवासी अशोक कुमार सिंह के पुत्र मनीष कुमार सिंह के रूप में हुई है। वही, उनके साथ सफर कर रही उनकी मां की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घायल युवकों की हालत गंभीर

हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी पहचान खगड़िया जिले के भदास गांव निवासी भूषण प्रसाद सिंह के पुत्र दिवाकर कुमार और विलास सिंह के पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है। दोनों घायल युवक बेगूसराय सदर अस्पताल में इलाजरत हैं।

गंगा स्नान कर लौट रहे थे परिजन

जानकारी के मुताबिक, IRB जवान मनीष कुमार सिंह अपने पूरे परिवार के साथ मुंगेर राजघाट पर गंगा स्नान के लिए आए थे। गंगा स्नान के बाद सभी लोग टेम्पो पर सवार होकर वापस अपने घर सुपौल लौट रहे थे। इसी दौरान हीराटोल जीरोमाइल के समीप यूटर्न लेते समय यह भीषण हादसा हो गया।

हादसे के बाद अफरा-तफरी

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के स्थानीय लोग तत्काल बचाव में आगे आए और घायलों को टेम्पो से बाहर निकाला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान IRB जवान और उनकी मां ने दम तोड़ दिया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now