Bhojpuri Actress Akshara Singh : भोजपुरी सिनेमा की चर्चित गायिका अक्षरा सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। इस बार मामला न्यायालय तक पहुंच चुका है। दरअसल, बेगूसराय की एक अदालत ने अक्षरा सिंह और उनके मैनेजर विपिन सिंह के विरुद्ध समन जारी करते हुए अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया है। यह आदेश न्यायिक दंडाधिकारी, प्रथम श्रेणी ओम प्रकाश ने शनिवार को पारित किया।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के लगमा गांव में दुर्गा पूजा समारोह के दौरान आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ा है। बेगूसराय निवासी शिवेश मिश्रा ने इस सिलसिले में अदालत में एक परिवाद पत्र दायर किया था। उन्होंने अपने बयान में कहा कि- “दुर्गा पूजा समिति, लगमा की ओर से उन्होंने भोजपुरी कलाकार अक्षरा सिंह को 24 अक्टूबर 2023 को कार्यक्रम करने के लिए 5 लाख 51 हजार रुपये की राशि के रूप में दी थी। इसके लिए बाकायदा एक लिखित साटा भी किया गया था।”
शिवेश मिश्रा के अनुसार, अक्षरा सिंह तय समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं और मंच पर रात लगभग 12 बजे प्रस्तुति देने आईं। लेकिन महज आधे घंटे बाद यानी रात 12:30 बजे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों द्वारा नोट उड़ाए जाने की घटना के बाद वे अचानक मंच से नाराज़ होकर माइक पटकते हुए नीचे उतर गईं और कार्यक्रम करने से मना कर दिया। इससे आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दर्शकों में भी भारी नाराज़गी देखी गई।
अदालत का रुख
शिवेश मिश्रा ने इस घटनाक्रम को धोखाधड़ी और समझौते के उल्लंघन का मामला बताते हुए बेगूसराय की अदालत में मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने अपने और अपने पक्ष के गवाहों के बयान न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए। न्यायालय ने प्रस्तुत साक्ष्यों एवं गवाहों के बयानों का संज्ञान लेते हुए गायिका अक्षरा सिंह और उनके मैनेजर विपिन सिंह को अदालत में तलब करने का आदेश दिया है। अब अगली सुनवाई की तारीख पर दोनों को अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा।