Begusarai News

बेगूसराय में कम्युनिटी किचन में लापरवाही: सब्जी में मरा गिरगिट मिलने से युवक बेहोश, अफरा-तफरी

Begusarai News : बेगूसराय में बाढ़ पीड़ितों के लिए संचालित कम्युनिटी किचन में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। बलिया प्रखंड के शादीपुर बांध पर चल रहे किचन में खाने के दौरान सब्जी में मरा हुआ गिरगिट मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद एक युवक अचानक बेहोश हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के मुताबिक, ताजपुर पंचायत के सैदपुर गांव निवासी श्रवण कुमार के पुत्र राजू कुमार खाना खा रहे थे, तभी उनकी थाली में सब्जी के भीतर मरा हुआ गिरगिट मिला। इसे देखते ही उन्होंने खाना छोड़ दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों और अन्य लोगों ने तुरंत उन्हें बलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को स्थिर बताया।

घटना के बाद किचन में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि खाना खा रहे अन्य बाढ़ पीड़ितों में भी भय और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना पाकर बलिया सर्कल ऑफिसर (सीओ) रवि कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों से मिली जानकारी के अनुसार मामला साइकोलॉजिकल रिएक्शन का हो सकता है। एहतियातन खराब सब्जी को फेंक दिया गया और नया खाना बनवाकर किचन को पुनः शुरू किया गया।

गौरतलब है कि बेगूसराय के 8 प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हैं। जिला प्रशासन ने पीड़ितों के लिए विभिन्न स्थानों पर कम्युनिटी किचन शुरू किए हैं। इस घटना के बाद पीड़ितों और ग्रामीणों ने किचन में साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी की मांग की है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now