Begusarai News : बेगूसराय के गढ़पुरा प्रखंड के रानीचक उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा छठी की छात्रा चांदनी कुमारी (पिता – रामनंदन दास, निवासी रानीचक) को पढ़ाई के दौरान ही सांप ने डस लिया। घटना लगभग दोपहर 1:30 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चांदनी रोज की तरह शुक्रवार को स्कूल आई थी। कक्षा में बैठी ही थी कि अचानक सांप ने उसे काट लिया। शुरुआत में ग्रामीणों ने इलाज के बजाय झाड़-फूंक कराना शुरू कर दिया, जिससे करीब एक से डेढ़ घंटे का समय बर्बाद हो गया। करीब 3:00 बजे चांदनी को गढ़पुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया। लेकिन, बेगूसराय ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना से पहले ही टीसी फाइल लाने के लिए बीआरसी निकल गए थे। तब उन्हें पता चला कि उनके विद्यालय की एक छात्रा को सांप काट लिया है। विद्यालय के वर्गकक्ष में सांप कैसे और कब आया, किसी ने नहीं देखा था।- रानीचक उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रधानाध्यापक, आशुतोष कुमार
छात्रा की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने घटना के लिए स्कूल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए शिक्षकों को विद्यालय परिसर में बंधक बना लिया और जमकर हंगामा किया।