CAA के समर्थन में निकाली गई चार किलोमीटर लंबी विशाल पदयात्रा

बखरी, बेगूसराय : गिरिराज सिंह के संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के समर्थन में कार्यक्रमों का दौर लगातार जारी है। यहां चार दिन से रोज विभिन्न राष्ट्रवादी संगठनों द्वारा समर्थन जुलूस, पदयात्रा आदि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस कड़ी में शनिवार को बखरी में विशाल पदयात्रा आयोजित किया गया। रामपुर चौक से शुरू यह पदयात्रा मक्खाचक, अंबेडकर चौक, मुख्य बाजार, ढ़ाला चौक, कामास्थान होते हुए अनुमंडल मुख्यालय के समीप जाकर सभा में तब्दील हो गया।

इस दौरान रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह के नेतृत्व में बेगूसराय की सबसे बड़ी इस पदयात्रा में भारतीय जनता पार्टी, भारतीय जनता युवा मोर्चा, विद्यार्थी परिषद समेत कई अन्य हिंदुत्ववादी और राष्ट्रवादी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। अनुमंडल मुख्यालय के समीप आयोजित समर्थन सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह समेत तमाम वक्ताओं ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्ष लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर हिंसा करवा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली विकसित सोच की सरकार ने यह कानून नागरिकता देने के लिए बनाया है, नागरिकता छीनने के लिए नहीं। इस कानून से पड़ोसी देशों में प्रताड़ना के शिकार हो रहे अल्पसंख्यकों को अपने यहां की नागरिकता दी जाएगी और घुसपैठियों को हर हाल में बाहर जाना होगा। पड़ोसी देश में अल्पसंख्यक हिंदू, बौद्ध, सिख, इसाई, जैन, पारसी के साथ हो रही दुर्दशा पूरी दुनिया जानती है।

इस कानून में पड़ोसी देशों में धार्मिक आधार पर प्रताड़ित किए जा रहे लोगों को नागरिकता देने का प्रावधान किया गया हैं। ऐसे लोगों को भारत की नागरिकता देकर उनकी समस्या को दूर करने का प्रयास हो रहा है। भारत में रहने वाले किसी अल्पसंख्यक को डरने की जरूरत नहीं है, यह कानून किसी की नागरिकता छीनने नहीं जा रही है।

लेकिन विपक्ष वोट बैंक की राजनीति के लिए वर्ग विशेष के लोगों को भ्रमा रहा है। लेकिन जनता सब कुछ जानती और समझती है। पदयात्रा में आशुतोष पोद्दार हीरा ,वशिष्ठ नारायण सिंह, भाजयुमो के क्षेत्रीय प्रभारी नगर पार्षद नीरज नवीन, भाजपा नेता नगर पार्षद सिंधेश आर्य, जिला महामंत्री राजीव वर्मा, राजेश अग्रवाल, अंकित सिंह, रवि पोद्दार, मोहित अग्रवाल, विनोद राम, साहेब सिंह आदि भी शामिल हुए।