Begusarai News : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना से बाढ़ प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान की। यह राशि डीबीटी के माध्यम से लाभुकों के खाते में भेजी गई। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बेगूसराय समाहरणालय स्थित कारगिल भवन में किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला, अपर समाहर्ता, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि
- बेगूसराय के 76,039 परिवारों को प्रति परिवार 7 हजार रुपये की दर से कुल 53.23 करोड़ रुपये की राशि सीधा बैंक खाते में भेजी गई है।
- जिले के 8 प्रखंडों के कुल 3,46,675 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं।
- अब तक 240 नावों का संचालन एवं 155 कम्युनिटी किचन चलाए गए, जहां 6,70,006 परिवारों को सुबह-शाम भोजन उपलब्ध कराया गया।
- 26,132 परिवारों के बीच पॉलिथीन शीट्स का वितरण किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति : बाढ़ प्रभावित इलाकों में जिला प्रशासन ने 305 स्वास्थ्य कैंप लगाए हैं, जहां अब तक 18,127 लोगों का इलाज किया गया। इसके अलावा 992.5 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कर स्वच्छता पर भी जोर दिया गया है।
पशुपालन विभाग की पहल : बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में 80 पशु चिकित्सा शिविर लगाए गए, जिनमें 10,342 पशुओं का इलाज किया गया। वहीं, 2,158.90 क्विंटल पशुचारा वितरित किया गया है। जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है और लगातार हालात की समीक्षा की जा रही है।