Begusarai Crime News : बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों के तांडव के बीच एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। तेघड़ा थाना क्षेत्र के गौरा-1 स्थित चुरामन चक बहियार में मंगलवार की शाम अज्ञात बदमाशों ने 8वीं कक्षा के एक छात्र की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान गौड़ा पंचायत-1 (वार्ड संख्या-6) निवासी सिकंदर साह के 14 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है।
मुख्य सड़क पर पड़ा मिला शव
घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। वारदात की जानकारी काफी देर बाद तब मिली, जब चुरामन चक चौर के रास्ते गुजर रहे राहगीरों ने मुख्य सड़क पर लहूलुहान शव पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आयुष की शिनाख्त की, जिसके बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया। आयुष के शरीर पर छाती समेत दो जगहों पर गोलियों के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि अपराधियों ने बेहद करीब से उसे निशाना बनाया।
रील बनाने का शौकीन था आयुष
बताया जा रहा है कि आयुष सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था और अक्सर अपने दोस्तों के साथ उसी सुनसान इलाके (बहियार) में रील्स बनाने जाता था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष स्वयं मौके पर पहुंचे और FSL टीम को जांच के लिए बुलाया। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि घटना के वक्त आयुष के साथ कौन-कौन मौजूद था।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। अपराधी की पहचान के लिए घटनास्थल के दोनों ओर के गांवों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।– अमित कुमार, थानाध्यक्ष, तेघड़ा
दहशत के साये में ग्रामीण
शाम के वक्त हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।


