अब महंगा होगा सफर – 1 सितंबर से बढ़ जाएगा Toll Tax, जानिए नई दरें..

डेस्क : आगरा से दिल्ली यमुनानगर एक्सप्रेस- वे पर सफर करने वाले लोगों के लिए यह काम की खबर है। यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते एक सितंबर से वाहन के आवाजाही पर अधिक खर्च करना पड़ सकता है। दरअसल इस एक्सप्रेस-वे पर लगने वाले टोल टैक्स में बढ़ोतरी किए जाने का निर्णय लिया गया है। बीते बुधवार को यमुना अथॉरिटी बोर्ड की एक बैठक में यह फैसला लिया गया है। यह बढ़ोतरी 10 पैसे से लेकर 55 पैसे प्रति किलोमीटर तक होगी।

बता दें कि 2019 के बाद पहली बार टोल में बढ़ोतरी की जा रही है। टोल टैक्स में बढ़ोतरी से बाइक, थ्री व्हीलर व किसानों के ट्रैक्टर को दूर रखा गया है। यानी इन्हे बढ़ाया गए टैक्स नहीं देना होगा। किसानों को ध्यान में रखते हुए ट्रैक्टर पर भी टैक्स नहीं लगाया जाएगा। इन्हें पहले की तरह ही 1.25 प्रति किलोमीटर के हिसाब से टैक्स देना होगा।

यमुना एक्सप्रेस वे पर लगने वाले टोल टैक्स सभी वाहनों के लिए अलग-अलग है। जीप या वेन की बात करें तो इससे 2.50 रुपए प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 2.65 प्रति किमी कर दी गई है। वहीं छोटे मालवाहक वाहनों और मिनी बसों के लिए टैक्स 3.90 रुपए प्रति किलोमीटर से बढ़ोतरी कर 4.15 रुपए प्रति किमी कर दिया गया है। वहीं बड़ी बस व ट्रक की बात करें तो 7.9 रूपये प्रति किलोमीटर से बढ़ोतरी कर 8.45 प्रति किमी किया गया है।

बता दें कि टोल टैक्स में बढ़ोतरी किए जाने के पीछे का कारण यह है कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर दिनों दिन बढ़ते हादसों को रोकने के लिए इस पर कुछ कार्य कराया जाना है। जिसमें 130 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। इसकी भरपाई करने के लिए टोल टैक्स को बढ़ाया गया है।