कावर झील में हुए नाव हादसा में डूबने से मछुआरे की गई जान

छौड़़ाही (बेगूसराय) : कावर झील परिक्षेत्र के छौड़ाही ओपी क्षेत्र के एकंबा साइट में मछली पकड़ने के दौरान हुए नाव हादसे में एक मछुआरे की मौत हो गई। एकंबा पंचायत के शेखाटोला निवासी रामबालक सहनी के रूप में मृतक की पहचान स्वजनों ने की। इस संदर्भ में मृतक रामबालक सहनी के स्वजनों का कहना था कि मृतक शनिवार दोपहर कावर झील में नाव पर पर सवार हो प्रतिदिन कि तरह मछली पकड़ने चले गए।

संध्या तक घर नहीं लौटने पर चिंतित हो ग्रामीणों के साथ स्वजन खोजने निकले तो कावर झील में जब नाव था लेकिन रामबालक सहनी नहीं थे। गहरे पानी में रहे नाव के पास पहुंच खोजबीन किया तो, उनका शव गहरे पानी में दिखाई दिया। देर रात हीं ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर गहरे पानी से शव को निकाल गांव लाए। शव गांव पहुंचने के बाद मृतक के पुत्र पत्नी पुत्री एवं स्वजन परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य के मौत से करुण क्रंदन कर बार बार बेहोश हो जा रहे थे। वार्ड पंच संघ के प्रखंड अध्यक्ष अशोक पंडित लैला बिहारी, अरविंद सहनी, सत्यदेव ने मृतक के स्वजनों को सांत्वना दी।

दूसरी तरफ घटना की सूचना मिलते ही छौड़ाही ओपी अध्यक्ष ओमप्रकाश शेखाटोला पहुंच शव को पोस्टमार्टम कराने हेतु भेजने लगे तो, मृतक के स्वजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का राजीनामा लिख गांव में ही मृतक का दाह संस्कार कर दिया।