अगर चाहते हैं बरसे विष्णु-शिव का आशीर्वाद तो मौनी अमावस्या पर कर लें ये आसान उपाय

माघ माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या को माघी अमावस्या या मौनी अमावस्या कहा जाता है। इस साल 24 जनवरी को मौनी अमावस्या है। मौनी अमावस्या के दिन कुछ आसान से उपाय करके आप अपना भाग्य बदल सकते हैं। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि मौनी अमावस्या के दिन जो व्यक्ति विशेष उपाय करता है उसकी किस्मत जरूर बदलती है। इस दिन की महत्ता का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि केवल गंगा स्नान करके भगवान विष्णु और शिव की आराधना करने से भी कृपा बनी रहती है।

मान्यता है कि मन और वाणी पर नियंत्रण पाते हुए इस पावन तिथि पर स्नान करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और मोक्ष मिलता है। साथ ही इस दिन किए जाने वाले मौन स्नान से शरीर की सकारात्मक ऊर्जा का ह्रास भी नहीं होता है। मौन साधना से मिलने वाला पुण्य अक्षय रहता है। संतों के अनुसार मौन व्रत के बगैर मौनी अमावस्या पर स्नान करने से श्रद्धालुओं को पूरा पुण्य नहीं मिलता है। 

यदि न पहुंच पाएं नदी

यदि आप किसी कारण किसी नदी तीर्थ पर जाकर इस पावन तिथि वाले दिन स्नान-ध्यान एवं पूजन करने में असमर्थ हैं तो आप अपने घर में ही इसका पुण्य लाभ पा सकते हैं। मौनी अमावस्या के दिन मां गंगा का ध्यान करते हुए अपने जल के स्नान में गंगाजल और तिल डाल कर मौन रखते हुए स्नान करें और स्नान-ध्यान के पश्चात किसी मंदिर में जाकर अपनी क्षमता के अनुसार दान करें। 

मौनी अमावस्या के दिन चांद पूरी तरह से गायब रहता है। अमावस्या की रात होने की वजह से कई लोग इस दौरान टोने-टोटके भी करते हैं। जानते हैं कि मौनी अमावस्या के दिन कौन से छोटे और आसान उपाय आप करके बड़ा लाभ पा सकते हैं।

गाय के लिए बनाएं खास रोटी

मौनी अमावस्या के दिन आप आटे में तिल मिलाकर रोटी बनाएं और इसे गाय को खिलाएं। ये आसान उपाय कर लेने से आपके घर परिवार में सुख-शांति बढ़ जाएगी।

चींटियों को खिलाएं आटा

मौनी अमावस्या के दिन चींटियों को आटे के साथ शक्कर मिलाकर खिलाना चाहिए। इससे व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

भगवान शिव और माता लक्ष्मी को चढ़ाएं खीर

माघी अमावस्या के मौके पर आप चावल की खीर बनाएं और इसे भगवान शिव तथा लक्ष्मी माता को अर्पित करें। इस उपाय से आपके घर से गरीबी दूर होगी तथा आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी।

मछलियों को दें आटे की गोलियां

माघी अमावस्या पर नदी में स्नान करने का खास महत्व है। इस दिन स्नान के बाद आटे की गोलियां बना लें और किसी नदी या तालाब की मछलियों को खिला दें। इस उपाय से जीवन में चल रही परेशानियों का अंत होगा।

ईशान कोण में जलाएं दीप

माघी अमावस्या की शाम को आप घर के ईशान कोण पर घी का दीपक जलाएं। इस दीप में बत्ती के लिए लाल धागे का इस्तेमाल करें। आपके घर-परिवार पर माता लक्ष्मी का आशीर्वाद बना रहेगा।

कालसर्प दोष के लिए उपाय

मौनी अमावस्या के दिन यदि स्नान के बाद चांदी से बने नाग-नागिन के जोड़े की पूजा करके उसे नदी में प्रवाहित किया जाए तो व्यक्ति को कालसर्प दोष से निवारण में मदद मिलती है।