बिहार में बन रहा है दुनिया का सबसे बड़ा रामायण मंदिर, जानें – क्या होगा खास…

डेस्क: बिहार के पूर्वी चंपारण में दुनिया का सबसे बड़ा रामायण मंदिर (World’s Largest Ramayana Temple) बनने जा रहा है। यह मंदिर पूर्वी चंपारण के कैथवलिया बहुआरा में बन रहा है। यह मंदिर अयोध्या-जनकपुर राम जानकी मार्ग में स्थित होगा। मंगलवार यानी 20 Jun से इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस मंदिर का निर्माण कार्य सनटेक इंफ्रा सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड (Sunteck Infra Solutions Private Limited) द्वारा किया जा रहा है।

मंदिर सचिव ललन सिंह ने बताया कि मंदिर का नक्शा आ गया है, नया मंदिर 1080 फीट लंबा और 580 फीट चौड़ा होगा। इसके साथ ही 270 फीट ऊंचे क्षेत्र में रामायण मंदिर का निर्माण किया जाएगा। इसका पूरा एरिया 3 लाख 76 हजार वर्ग फीट में होगा। मंदिरों की संख्या 22 और शिखरों की संख्या 12 होगी। यह मंदिर भगवान राम के मौजूदा सभी मंदिरों से बड़ा होगा। इस मंदिर में दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग स्थापित किया जाना है। यह क्षण बिहार के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

2012 में किशोर कुणाल ने पूर्वी चंपारण के कैथवलिया में बनने वाले विराट रामायण मंदिर का भूमि पूजन किया था। उसके बाद 2022 में इसका शिलान्यास किशोर कुणाल ने ही किया था। मंदिर बनाने के लिए कंपनी ने अपना माल गिरा दिया है। निर्माण मजदूर भी हैं। पूजा की तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं। मंगलवार को सुबह 11 बजे से पूजा शुरू होगी। 11:40 बजे शिलान्यास समारोह के साथ 11:50 बजे से बोरिंग शुरू हो जाएगी और पाइलिंग का काम शुरू हो जाएगा। मंदिर सचिव ललन सिंह ने बताया कि कंपनी द्वारा पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।