बिहार की तनुश्री मिस इंडिया के टॉप-30 में – महज 7 साल की उम्र में पिता को खोया, मां ने सपनों को दी उड़ान

तनुश्री : बिहार अपने हुनर ​​के लिए देश-विदेश में जाना जाता है। वहीं प्रदेश की बेटियां भी प्रदेश का नाम रोशन करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को फेमिना मिस इंडिया ने टॉप तीस कंटेस्टेंट्स के नामों की घोषणा की है। इसमें पटना की तनुश्री रिप्रेजेंट करेंगी यानी तनुश्री टॉप 30 में शामिल हो गई हैं। अब ग्रैंड फिनाले में तनुश्री मिस इंडिया 2023 के ताज के लिए देश के कई राज्यों की कंटेस्टेंट्स से मुकाबला करेंगी।

मिस इंडिया में कैसे जगह बनाई जाए, इस पर उन्होंने बताया कि मिस इंडिया में फॉर्म भरने के लिए जगह के हिसाब से तीन मापदंड होते हैं. पहला वह स्थान जहाँ आप पैदा हुए थे, फिर जहाँ आपके माता-पिता पैदा हुए थे और तीसरा जहाँ आप वर्तमान में रहते हैं। तनुश्री ने बताया कि वह बिहार से फॉर्म नहीं भर पाईं। इसलिए उन्होंने दिल्ली से आवेदन किया, लेकिन अंत में उनका चयन बिहार के लिए ही हुआ।

आपको बता दें कि तनुश्री का जन्म पटना में हुआ था. उनका पूरा परिवार पटना के दानापुर में रहता है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल, पटना से की। जिसके बाद वह फैशन डिजाइनिंग के लिए दिल्ली चली गईं। तनुश्री ने ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद 2020 में मॉडलिंग शुरू की। जिसमें उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के साथ मिलकर काम किया। फोटोशूट के साथ-साथ रैंप वॉक भी किया है।

आपको बता दें कि तनुश्री 2015 में मिस बिहार की फर्स्ट रनरअप रह चुकी हैं। इसके बाद 2017 में उन्होंने मिस इंडिया के लिए फॉर्म भरा, लेकिन तब वह बिहार से ही टॉप 3 में जगह बना सकीं। इसके बाद उन्होंने 2020 में मिस इंडिया के लिए भी आवेदन किया और बिहार से टॉप 5 में रहीं। उन्होंने इस साल मिस इंडिया 2023 में एक बार फिर अप्लाई किया और टॉप 30 में जगह बनाई।

मां ने की हर संभव प्रयास : बता दें कि 7 साल की उम्र में तनुश्री ने अपने पिता को खो दिया था। तब से उनकी मां ने सारी जिम्मेदारियां उठा लीं। तनुश्री की मां एक बिजनेस वुमन हैं। वह नेस्ले कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटर हैं। पहले यह बिजनेस तनुश्री के पिता संभालते थे, लेकिन उनके जाने के बाद तनुश्री की मां ने सब कुछ बहुत अच्छे से संभाला और आज उनका बिजनेस बहुत अच्छा चल रहा है।