Bihar Weather : बिहार में हिटवेव ने तोड़ा 11 सालों का रिकॉर्ड, तापमान 44 डिग्री के पार

Bihar Weather : बिहार में पिछले 11 वर्षों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए, राज्य के कम से कम 10 जिलों में पारा का स्तर 44 डिग्री सेल्सियसके स्तर को पार कर गया, जिससे बिहार के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी हो रही है। बिते 7 जून को 11 साल में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण राज्य के 29 जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पटना, पूर्णिया, पश्चिम चंपारण, सुपौल, अररिया, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, शेखपुरा, खगड़िया और कटिहार बेगूसराय सहित 11 जिलों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। साथ ही इन जिलों में तेज़ गर्म हवाएँ (13 से 21 किमी/घंटा तक) चलेगी। वहीं राज्य के करीब 10-11 जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से पार रहेगा।

बिते दिनों में खगड़िया जिले में सबसे अधिक तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद भागलपुर के सबौर में 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को पश्चिम चंपारण और रोहतास जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हुई लेकिन इसके बाद भी तापमान अधिक रहा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इस मौसम पैटर्न को उत्तर-दक्षिण ट्रफ के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है जो उत्तर-पूर्व बिहार से झारखंड होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ तक चलता है। हालांकि, IMD ने कहा है कि 10 जून के बाद हल्की बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार बिहार के अलावा 8 से 11 जून के बीच पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी गंभीर हीटवेव की स्थिति रहने की संभावना है। वहीं ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी हीटवेव की स्थिति प्रबल होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 11 जून तक तापमान में बढ़ोतरी के साथ पूर्वी यूपी में लू की स्थिति बनी रहेगी। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, लेकिन अगले चार से पांच दिनों तक गर्मी की कोई स्थिति नहीं होगी।