राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र” के गठन से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं संघ परिवार से जुड़े लोगों ने स्वागत किया

बेगूसराय बखरी : राम जन्मभूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के आलोक में केन्द्र सरकार द्वारा गठित ट्रस्ट श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में कामेश्वर चौपाल को सदस्य बनाये जाने पर बखरी के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं संघ परिवार से जुड़े लोगों ने स्वागत किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संसद में घोषित ट्रस्ट के पन्द्रह में से एक सदस्य के रूप में दलित संर्वग से श्री चौपाल को ट्रस्टी बनाया गया है।

आर एस एस के जिला संघचालक मनोरंजन वर्मा, भाजपा नेता पार्षद सिधेश आर्य, नीरज नवीन, नगर अध्यक्ष अमरनाथ पाठक, पूर्व अध्यक्ष संतोष भारती गुड्डू, महामंत्री महादेव केसरी, कृष्ण मोहन पोद्दार आदि ने हर्ष प्रकट करते हुए कहा कि करोड़ों हिन्दुओं के आस्था का केन्द्र श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण का सपना अब साकार हो सकेगा। भाजपा नेताओं के अनुसार गठित ट्रस्ट में वंचित समाज को स्थायी सदस्य के रूप में प्रतिनिधित्व देने के निर्णय से सरकार की सामाजिक समरसता के प्रति प्रतिबद्धता दृष्टिगोचर होती है।

मालुम हो भाजपा प्रत्याशी के रूप में वर्ष 1995 एवं 2000 का विधान सभा चुनाव बखरी से लङने वाले कामेश्वर चौपाल का यहां के लोगों से गहरा जुड़ाव है। 09 नवम्बर 1989 को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर शिलान्यास कार्यक्रम में पहली ईंट रखने वाले चौपाल जी को प्रथम कारसेवक होने का भी गौरव प्राप्त है। तब वे विहिप के अखंड बिहार के सह संगठन मंत्री हुआ करते थे।