बेगूसराय में दिहाड़ी मजदूर का बेटा दूसरे प्रयास में NEET एग्जाम को किया क्रैक, पिता ने कहा – सीना चौड़ा हो गया..

डेस्क : बेगूसराय जिले के प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत किरतपुर पंचायत के टीकापुर निवासी बिपिन कुमार शर्मा के पुत्र बिक्रम कुमार ने नीट परीक्षा में सफल होकर जिले सहित अपने प्रखंड का नाम रौशन किया है। उन्होंने दूसरे प्रयास में यह सफलता अर्जित की। सामान्य मजदूर परिवार से ताल्लुक रखने वाले बिक्रम ने बेहद गरीबी से अपना जीवन व्यतीत किया। वे 3 भाई में सबसे बड़े हैं।

उन्होंने नीट एंट्रेंस परीक्षा में 633 अंक प्राप्त कर किया। उन्होंने वर्ष 2019 में नवोदय विद्यालय बेगूसराय से मैट्रिक की परीक्षा प्रथम श्रेणी में 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता पाई। इंटर की भी परीक्षा नवोदय विद्यालय बेगूसराय से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। उसके पिता गांव में मजदूरी करते है। माता सीता देवी गृहिणी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता को दिया।उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई कर गांव में सेवा का संकल्प लिया।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्था न के बराबर है।इसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों से कहा कि सफलता पाने के लिए धैर्य को न छोड़ें। बड़ी सफलता के लिए जनून और कठिन परिश्रम की जरूरत है।उनके नीट में चयनित होने पर युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास, पूर्व प्रमुख कृष्ण कुमार राय, राजेश कुमार राय, पूर्व जिला पार्षद रामस्वर्थ साह आदि ने बिक्रम की सफलता पर उन्हें शुभकामनाएं दी है।