छौड़ाही में चार कोरोना पॉजिटिव मिलने से दहशत

छौड़ाही : छौड़ाही प्रखंड में एक साथ कोरोना संक्रमित चार शख्स के मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।इस संदर्भ में प्राप्त जानकारी के अनुसार सावत पंचायत के मटिहानी गांव के पॉजिटिव व्यक्ति दिल्ली से बस द्वारा रोसरा और वहां से टेंपो द्वारा छौड़ाही पहुंचे थे। वहीं पताही निवासी दो व्यक्ति दिल्ली से संपर्क क्रांति ट्रेन से समस्तीपुर रोसड़ा होते हुए छौड़ाही आए थे। जबकि अमारी निवासी पॉजिटिव व्यक्ति एसी बस से दिल्ली से डायरेक्ट दौलतपुर पेट्रोल पंप और वहां से ईरिक्शा से छौड़ाही प्रखंड कार्यालय पहुंचे थे। चारों व्यक्ति 13 एवं 14 जून को छौड़ाही आए थे। दिल्ली से लौटे सभी व्यक्तियों का सैंपल 16 जून को लिया गया था।

सैंपल लेने के बाद इन लोगों को होम क्वारिंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया था। शुक्रवार की रात इन चारों शख्श का रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शनिवार को मेडिकल टीम के देखरेख में चारों पॉजिटिव शख्स को बेगूसराय स्थित आइसोलेशन सह ट्रीटमेंट केंद्र में भर्ती करवा दिया गया। पॉजिटिव शख्स के ग्रामीणों का कहना है कि सैंपल देने के बाद भी पॉजिटिव व्यक्ति गांव जवार में घूमते रहते थे। इस कारण उनके स्वजनों एवं पड़ोसियों की भी जांच आवश्यक है। प्रशासन पॉजिटिव शख्स से बातचीत के आधार पर आगे की रणनीति तैयार कर रही है। अभी तक पॉजिटिव शख्स के घर एवं मोहल्ले को सील नहीं किया गया है।बीडीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पॉजिटिव की टेबल हिस्ट्री सहित सभी एहतियातन उपाय किए जा रहे हैं।