बेगूसराय : जिले के साहेबपुरकमाल प्रखंड के पंचवीर पंचायत की पूर्व मुखिया और बिहार महिला समाज की सचिव ललिता कुमारी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की सदस्य चुनी गई हैं। हाल ही में 21 से 25 सितंबर तक चंडीगढ़ (पंजाब) में आयोजित पार्टी के 25वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में 125 सदस्यीय राष्ट्रीय परिषद का गठन किया गया, जिसमें बिहार से 11 नेताओं को जगह मिली है। इन्हीं में पूर्व मुखिया ललिता कुमारी भी शामिल हैं।
ललिता कुमारी अत्यंत पिछड़ी जाति से आती हैं और लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में सक्रिय रही हैं। वे 2006 में वार्ड सदस्य, 2011 में पंचायत समिति सदस्य और 2016 में मुखिया के पद पर निर्वाचित हो चुकी हैं। क्षेत्र में उनकी पहचान संघर्षशील सामाजिक कार्यकर्ता और कम्युनिस्ट नेत्री के रूप में है। वे पहले से ही नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन वीमेन (NFIW) की राष्ट्रीय परिषद सदस्य और बिहार महिला समाज की सचिव की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह से प्रभावित होकर भाकपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद वे लगातार पार्टी के आंदोलनों में सक्रिय रहीं और महिला नेत्री कॉमरेड सुभाषिनी शर्मा से प्रेरणा लेकर बिहार महिला समाज से जुड़ीं। हाल ही में पार्टी के बिहार राज्य सम्मेलन में वे राज्य परिषद सदस्य भी चुनी गई थीं।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य बनने पर ललिता कुमारी ने कहा– “पार्टी ने मुझ पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है। ग्रामीण परिवेश से आने वाली एक साधारण महिला को राष्ट्रीय परिषद में स्थान मिलना गर्व की बात है। मैं शोषित-पीड़ित और वंचित तबकों की आवाज़ को और बुलंद करने के लिए पूरी ताक़त से काम करूंगी।“