Kanchan Kumari of Begusarai : बेगूसराय के बरौनी प्रखंड के हाजीपुर पिपरा देवस गांव की बेटी कंचन कुमारी ने फुटबॉल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हाल ही में आयोजित ट्रायल में उनका चयन सीनियर बिहार महिला फुटबॉल टीम के लिए हुआ है। किसान पिता चमरू सिंह और गृहिणी मां की तीसरी बेटी कंचन ने साधारण परिवार से निकलकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
चार बहनों और एक भाई वाले इस परिवार में कंचन बचपन से ही फुटबॉल खेल की ओर आकर्षित थीं। अभ्यास के लिए वह प्रतिदिन घर से 8 किलोमीटर दूर यमुना भगत स्टेडियम तक जाती थीं। यही संघर्ष और निरंतर मेहनत उन्हें इस मुकाम तक ले आया।
आपको बता दे की बिहार महिला फुटबॉल टीम का चयन ट्रायल हाल ही में हुआ था, जिसमें पूरे प्रदेश से 106 खिलाड़ी शामिल हुईं। इनमें से 40 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया। यह शिविर 24 अगस्त से 4 सितंबर तक राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चला।
कैंप के दौरान प्रदर्शन के आधार पर 20 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिनमें बेगूसराय की बेटी कंचन कुमारी भी शामिल हैं। अब कंचन बिहार टीम के साथ 6 सितंबर को अमृतसर रवाना होंगी, जहां राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। गांव की बेटी का यह चयन न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।