बरौनी जंक्शन प्लेटफॉर्म संख्या-एक का नाम अब से बदल गया है, अब यह न्यू बरौनी जंक्शन के नाम से जाना जाएगा

डेस्क : गत शनिवार से राजवाड़ा स्थित बरौनी जंक्शन (बरौनी जं.का प्लेटफॉर्म संख्या-एक) स्टेशन का नाम बदल गया है अब यह न्यू बरौनी जंक्शन के नाम से जाना जाएगा। अब इस जंक्शन भी अपने अस्तित्व में आ गया है। रेल मंत्रालय ने उक्त स्टेशन के नए नाम से ही बीते शनिवार से टिकट काटना शुरू कर दिया गया है। मालूम हो कि रेलवे द्वारा उक्त स्टेशन की स्थापना बीते एक दशक पूर्व की गई थी, ताकि पटना-कटिहार रेलखंड होकर गुजरने वाली सभी ट्रेनों का परिचालन बिना विलम्बन के सही समय से हो सके। रेलवे द्वारा उक्त स्टेशन का नाम बरौनी जंक्शन का प्लेटफॉर्म संख्या-एक रखा गया था।

जिसका नतीजा यह हुआ कि उक्त स्टेशन का सारा प्रशासनिक एवं तकनीकी बरौनी जं.स्टेशन से ही होने लगा। अब उस स्टेशन के अस्तित्व में आ जाने के बाद निकट भविष्य में सारे प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्य उक्त स्टेशन से ही किया जाएगा। यहां तक कि आरक्षण कार्यालय वगैरह न्यू बरौनी जं. के नाम पर ही हुआ करेगा, जबकि वर्तमान समय में उक्त स्टेशन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों का आरक्षण टिकट भी बरौनी जंक्शन के नाम पर मिल रहा था। जिसके कारण रेलयात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्हें यह नहीं पता चल पाता था कि कौन सी ट्रेनें बरौनी जंक्शन व राजवाड़ा स्थित बरौनी जंक्शन होकर गुजरेगी।

गौरतलब है कि भारत का यह एकलौता स्टेशन बरौनी जंक्शन है, जहां प्लेटफॉर्म की शुरुआत एक से न होकर बल्कि दो से होती है। और इसका प्लेटफॉर्म नम्बर-एक डेढ़ किलोमीटर पूरब में स्थित है। न्यू बरौनी जं. स्टेशन के अस्तित्व में आ जाने से अब बरौनी जं.पर प्लेटफॉर्म संख्या एक का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। साथ ही अब स्थानीय लोगों की चिर-प्रतीक्षित मांग पूरी होगी, क्योंकि स्थानीय लोगों ने बरौनी जंक्शन स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या एक के निर्माण हेतु कई बार रेल के आला अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं।

लेकिन सबसे आश्चर्य की बात तो यह है कि न्यू बरौनी जं. स्टेशन अस्तित्व में तो आ गया है। परन्तु, नया स्टेशन के नाम का बोर्ड आदि, अभी तक कहीं भी देखने को नहीं मिला है, सूत्रों की मानें तो आज कई रेलयात्रियों को उक्त नया स्टेशन (न्यू बरौनी जं.) के नाम से टिकट दिया गया है। लेकिन उक्त टिकट में तकनीकी गड़बड़ी बताई गई है, न्यू बरौनी जं.से बरौनी जंक्शन स्टेशन की दूरी महज डेढ़ किलोमीटर है। लेकिन रेलयात्रियों के द्वारा लिए गए टिकट में दोनों स्टेशनों की दूरी सात किलोमीटर बताई जा रही थी।