बाढ़-बारिश के बीच बिहार में दुर्गा पूजा की धूम, मां की हो रही पूजा-अर्चना

बिहार में बाढ़-बारिश से लोग तबाह हैं। राजधानी पटना के कई इलाके अभी भी जलजमाव से प्रभावित हैं। राजेंद्र नगर जैसे पॉश एरिया में अभी भी पानी लगा हुआ है। पटना से सटी पुनपुन नदी उफान पर है। 12 से 14 जिले बाढ़ से ग्रस्त हैं। इन सबके बीच बिहार में दुर्गा पूजा की धूम में भी कोई कमी नहीं है। मां की पूजा-अर्चना हो रही है। पूजा-पंडालों को सजा दिया गया है। मंत्रोच्चार से पूरा बिहार गूंज रहा है।

पटना में सबसे आकर्षक पंडाल डाकबंगला चौराहा पर बनाया जा रहा है। इसी तरह, बोरिंग रोड चौराहा के पास बेलूर मठ का रूप दिया जा रहा है। आयोजक की मानें तो बोरिंग रोड पर पंडाल के निर्माण में 10 लाख रुपये से अधिक खर्च होंगे। यहां बनारस पद्धति से मां की अर्चना होगी। इसके अलावा पटना में मछुआ टोली, खाजपुरा, राजीव नगर, कंकडबाग, हनुमान नगर समेत अन्य जगहों पर आकर्षक पंडाल बनाये जा रहे हैं।

पटना के अलावा बेगुसराय,भागलपुर, मुंगेर, सिवान, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, किशनगंज आदि जिलों में भी मां दुर्गा की पूजा-अर्चना चरम पर है।