बेगूसराय : पीयूष के इश्क़ में लिंग परिवर्तन करा सन्नी यादव बनी लड़की, मिला धोखा और धमकी!

3 Min Read

Begusarai News : बेगूसराय से एक दर्दनाक प्रेम कहानी सामने आई है, जिसमें प्यार की खातिर एक युवक ने अपना लिंग परिवर्तन करा कर खुद को एक लड़की में बदल लिया। लेकिन जिस प्रेम के लिए उसने यह बड़ा फैसला लिया, वही उसका सबसे बड़ा दर्द बन गया। मामला साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र का है, जहां सन्नी यादव उर्फ मरिया आज न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है।

दोस्ती से शुरू हुई प्रेम कहानी

दरअसल, साल 2017 में साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के बाबूबरही गांव निवासी पीयूष यादव की दोस्ती सन्नी यादव से हुई। यह दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती चली गई और एक समय ऐसा आया जब दोनों को एहसास हुआ कि वे एक-दूसरे से प्रेम करने लगे हैं। चूंकि दोनों लड़के थे, इस प्रेम को सामाजिक मान्यता नहीं मिल सकती थी। ऐसे में पीयूष के कहने पर सन्नी ने साल 2019 में अपना लिंग परिवर्तन करवा लिया।

कोर्ट मैरिज कर बने जीवन साथी

लिंग परिवर्तन के बाद दोनों ने एक साथ रहने का फैसला किया और साल 2021 में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जाकर कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रहने लगे। सन्नी (जो पत्नी बन चुकी है) का कहना है कि शादी के बाद वह पीयूष का पूरा खर्चा खुद उठाती रही। यहां तक कि दोनों परिवारों को भी उनके रिश्ते के बारे में जानकारी थी

प्रेम में मिला धोखा

सन्नी का आरोप है कि साल 2024 के नवंबर महीने तक सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। लेकिन इसके बाद सन्नी ने अपने खर्चे पर पीयूष को कलकत्ता भेज दिया, ताकि वह वहां ड्राइविंग का काम कर सके। कोलकाता पहुंचने के बाद पीयूष की मुलाकात एक किन्नर सुमन से हुई और यहीं से सन्नी की जिंदगी में भूचाल आ गया।

फोन नंबर किया ब्लॉक, धमकी देने लगा

सन्नी के अनुसार, कोलकाता जाने के बाद पीयूष ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। जब सन्नी ने किसी और नंबर से कॉल किया तो पीयूष ने उसे जान से मारने की धमकी दी। सन्नी का आरोप है कि अब पीयूष ने उसे पूरी तरह से छोड़ दिया है और सुमन नाम की किन्नर के साथ रिश्ता बना चुका है।

पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

अब इस मामले को लेकर सन्नी ने साहेबपुरकमाल थाना में आवेदन देकर न्याय की मांग की है। सन्नी का कहना है कि उसके साथ शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण हुआ है और अब उसकी जान को खतरा है। उसने पुलिस से अपील की है कि पीयूष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि उसे न्याय मिल सके।

Share This Article
सुमन सौरब thebegusarai.in वेबसाइट में मार्च 2020 से कार्यरत हैं। लगभग 5 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं। बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं। इन्होंने LNMU से स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश- विदेश, शिक्षा, ऑटो, बिजनेस, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर लेखन का अनुभव रखते हैं। thebegusarai.in पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।
Exit mobile version