बेगूसराय में भारतीय जनता पार्टी द्वारा अंबेडकर जयंती समारोह को भव्य बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसे लेकर जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने की रूपरेखा तैयार की गई।
जिला कार्यालय में हुई बैठक
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, बेगूसराय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने की।
बैठक में जिले भर के पदाधिकारी, विभिन्न मंच और मोर्चा के प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर अंबेडकर जयंती को भव्य और प्रभावी ढंग से मनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की बनी रूपरेखा
बैठक में निर्णय लिया गया कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमाओं की साफ-सफाई की जाएगी और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
इसके साथ ही दलित बस्तियों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
नेताओं ने रखे विचार
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर उनके विचारों का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को एक मजबूत संविधान दिया, जो सभी वर्गों को समान अधिकार प्रदान करता है।
नगर विधायक कुंदन कुमार ने कहा कि अंबेडकर जयंती सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का अवसर है। उन्होंने दलित बस्तियों में कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष ने अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला उपाध्यक्ष विकास कुमार, सुनील मुन्ना, राकेश रोशन एवं जिला मंत्री शुभम कुमार को कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया।
कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अंबेडकर जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान भाजपा नेता कृष्णमोहन पप्पू, जिला महामंत्री राकेश पांडेय, कुंदन भारती, रामप्रवेश सहनी, बेबी रजक, सुमित सन्नी, मृत्युंजय वीरेश, संजना जायसवाल, कार्यालय प्रभारी आलोक बंटी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


