बेगूसराय में तीन बैंकों में फर्जीवाड़ा का नया खेल – 200 महिलाओं के नाम पर 2 करोड़ रुपए लेकर ऐसे रफू चक्कर हुआ फ्रॉड..

डेस्क : बिहार के बेगूसराय से फर्जीवाड़े का एक मामला सामने आया है। मामला छौड़ाही ओपी की सावंत पंचायत से बताया जा रहा है। जहां तीन शातिरों ने पंचायत की करीब 200 महिलाओं के डॉक्युमेंट्स पर निजी बैंकों से तीन-चार समुह के नाम पर भारी रकम लोन उठा लिया। इसके बाद करोड़ो रूपये लेकर जालसाज फरार हो गया। इस बात का पर्दाफाश तब हुआ जब बैंक के अधिकारी महिलाओं के घर लोन वसूली पर पहुंचे। महिलाओं के द्वारा तीन शातिरों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराया गया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।

छौड़ाही ओपी इलाके की सावंत पंचायत की 200 महिलाओं ने दर्ज प्रथमिकी में बताई है कि छौड़ाही ओपी क्षेत्र के बकरा का रहने वाला मो. मसूद आलम, मो. मंसूर आलम व मो. छोटू ने महिलाओं के समूह बना कर निजी बैंकों जैसे उत्कर्ष बैंक, फीन केरी, इंडस बैंक के माध्यम से 200 से अधिक महिलाओं लोन दिलाया था।

ऐसे दिया घटना को अंजाम : इस में से अधिकांश महिलाओं ने ऋण के पैसे चुका दिए थे। वहीं गिनती के कुछ महिलाओं के एक या दो किस्त शेष है। वहीं गत महीने महिलाओं को और अधिक लोन दिलाने की झांसा दे कर तीनों जालसाज महिलाओं के हस्ताक्षर व अंगूठा निशान ले लिया। इतना ही नहीं, लिंक नंबर से बैंक में बात भी वही करते थे। फोन पर ओटीपी भी अपने सामने में ही मंगवाते थे। इसी बीच 22 जून को तीनों आरोपी गांव से फरार हो गए।