जो हाल झारखंड में रघुवर दास का हुआ वही हाल 2020 में बिहार में नीतीश कुमार का होने वाला है-तेज प्रताप

बिहार पटना : लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने ट्वीट कर लिखा, “भाजपा के अहंकार की लंका में आग लगाने के लिए झारखंड के समस्त मतदाता बंधुओ को शुक्रिया। महागठबंधन के सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अब झारखंड विकास की ओर अग्रसर होगा।”

वहीं, एक अन्य ट्वीट में तेज प्रताप यादव ने लिखा, “लिखकर रख लीजिए जो हाल झारखंड में रघुबर दास का हुआ वही हाल 2020 में बिहार में नीतीश कुमार का होने वाला है।”

वहीं, लालू यादव ने अपने ट्वीट में लिखा, “प्रिय हेमंत! अनंत शुभकामनाएँ। असीम आशीष.. मनोकामना पूर्ण हुई। झारखंड की महान जनता ने सुनिश्चित कर दिया है कि अहंकार व पाखंड की राजनीति का हर जगह अवसान तय है। लगातार साझे संघर्ष के लिए कांग्रेस के साथियों का भी बहुत धन्यवाद। जोहार झारखंड।”

गौरतलब है कि, झारखंड में झामुमो नीत महागठबंधन में कांग्रेस और राजद भी शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री राजद प्रमुख लालू प्रसाद की पत्नी और राजद उपाध्यक्ष राबड़ी देवी ने झारखंड विधानसभा चुनाव में झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन की जीत को शानदार और जानदार बताते हुए इसपर प्रसन्नता व्यक्त की और इस जीत के लिए उक्त प्रदेश के समस्त अवाम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

झारखंड विधानसभा चुनावों के परिणामों से झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस-राजद गठबंधन की सरकार बनना तय हो गया। 81 सदस्यीय विधानसभा के आए नतीजों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व में बने झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन ने 47 सीटें जीत कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया। इसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को 30, कांग्रेस को 16 और राजद को एक सीट मिली है। वही, भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सिर्फ 25 सीटों से संतोष करना पड़ा है। बता दें कि, राज्य में बहुमत का आंकड़ा 41 है।