बखरी में गढ्ढे में डूबने से आठ वर्षीय बच्ची की गयी जान

बखरी : बेगूसराय में इस साल नहाने के क्रम में अन्य किसी कारणों से डूबकर मरने बालों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। बेगूसराय के बखरी में शुक्रवार को बखरी नगर वार्ड आठ के बेतहा निजी जमीन के बरसाती गढ्ढे में डूबने से एक आठ वर्षीय बच्ची की जान चली गयी। डूबकर मरने बाली बच्ची की पहचान मोहम्मद निजाम की आठ वर्षीय पुत्री सहाना के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक उक्त बच्ची अपने 5 सहेलियों के साथ घर के पीछे आम के बगान में खेल रही थी। खेलते खेलते बरसाती गड्ढे में पैर फिसलने के दौरान डूबने से उसकी मौत हो गई। घरवाले के द्वारा काफी खोजबीन करने पर जब उसका कोई पता नही चला तो बाद में अन्य बच्चियों ने बताया कि सहाना उक्त गढ्ढे में गिर गयी है। जिसके बाद स्थानीय युवकों ने तैर उसे गढ्ढे से खोज निकाला लेकिन तब तक बच्ची की जान जा चुकी थी।