Jio, Airtel, Vi और BSNL : कौन सी कंपनी देगी सस्ती 5G सेवाएं, जानिए – पूरी डिटेल्स

डेस्क : 5G सेवाओं को भारत में आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया गया है और कई शहरों में यूजर्स को इसका फायदा मिल रहा है। जाहिर है, आप भी हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी वाली 5G सेवाओं का इंतजार कर रहे होंगे। भारती एयरटेल ने 1 अक्टूबर से आठ शहरों में 5जी सेवाएं देना शुरू कर दिया है और रिलायंस जियो महीने के अंत तक चार शहरों में अपनी 5जी सेवाएं शुरू करेगी। आइए जानते हैं कि 5जी रोलआउट को लेकर किस टेलीकॉम ऑपरेटर का क्या प्लान है।

एयरटेल 5जी : एयरटेल देश में 5जी सेवाएं शुरू करने वाली पहली कंपनी बन गई है और 1 अक्टूबर को उसने पहली बार आठ शहरों में अपनी 5जी सेवाएं देना शुरू किया है। दिल्ली, मुंबई, वाराणसी और बेंगलुरु के अलावा कंपनी चेन्नई, हैदराबाद, नागपुर और सिलीगुड़ी में भी 5जी सेवाएं दे रही है।

कंपनी के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने बताया है कि एयरटेल देश के प्रमुख शहरों में मार्च 2023 तक रोलआउट खत्म कर देगी। इस तरह देशभर में 5जी रोलआउट की प्रक्रिया मार्च 2024 तक खत्म हो जाएगी।

जियो 5जी : Reliance Jio ने हाल ही में 45वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में बताया था कि कंपनी दिवाली से True 5G सेवाएं देना शुरू करेगी। 24 अक्टूबर को दिवाली के मौके पर दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में 5जी सेवाएं उपलब्ध होंगी।

कंपनी के चेयरमैन आकाश अंबानी ने इस बात की पुष्टि की है कि इस साल के अंत तक देश के सभी प्रमुख शहरों और दिसंबर 2023 तक देश भर के सभी यूजर्स को रिलायंस जियो की 5जी सेवाओं का लाभ मिलेगा। 4जी टैरिफ के मुकाबले एयरटेल और जियो दोनों के प्लान महंगे नहीं होंगे।

वोडाफोन आइडिया (Vi) 5G : इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2022 में 5G लॉन्च के बाद, आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने पुष्टि की है कि Vodafone Idea (Vi) जल्द ही 5G रोलआउट शुरू करेगा। उन्होंने बताया है कि कंपनी ने 5जी रोलआउट की तैयारी पूरी कर ली है और जल्द ही यूजर्स को हाई स्पीड इंटरनेट सेवाओं का लाभ मिलेगा। हालाँकि, कंपनी ने Jio या Airtel की तरह किसी भी रोलआउट टाइमलाइन या 5G लॉन्च की तारीख की पुष्टि नहीं की है।

बीएसएनएल : सरकारी स्वामित्व वाली टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने अभी तक 4जी रोलआउट की प्रक्रिया भी पूरी नहीं की है। हालांकि, संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पुष्टि की है कि बीएसएनएल यूजर्स के लिए 5जी रोलआउट अगले साल 15 अगस्त से शुरू होगा।