पूरी दुनिया में देश के राष्ट्रवाद को मजबूत कर रहे हैं पीएम, गरीबों का बेटा है सीएम : बोगो सिंह

पूरी दुनिया में देश के राष्ट्रवाद को मजबूत कर रहे हैं पीएम

मटिहानी के चर्चित विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जहां राष्ट्रवाद का सच्चा सिपाही बताया। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गरीबों का बेटा और रहनुमा बताया है। अपने आवास पर आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ श्रीकृष्ण सिंह ने आधुनिक बिहार की स्थापना की थी और उसके बाद कोई विकास पुरुष नहीं हुआ।

लंबे अरसे के बाद बिहार को विकास पुरुष के रूप में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मिले हैं जो कि शहर से लेकर गांव के झुग्गी झोपड़ी वासियों तक के समग्र विकास की सोच रखते हैं। सभी दिशा में बेहतरीन काम हो रहा है, हर घर शुद्ध पानी की बात हो या गली-गली में सड़क और नाली की, तमाम क्षेत्रों में काम हो रहे हैं। जलवायु परिवर्तन के बाद जब जल और पर्यावरण संकट की बात आई तो उसमें भी नीतीश कुमार इतिहास रच रहे हैं। हर ओर जल-जीवन-हरियाली का काम हो रहा है।

19 जनवरी को जल-जीवन-हरियाली तथा विभिन्न सामाजिक कुप्रथाओं की मुक्ति के लिए ऐतिहासिक मानव श्रृंखला आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास की चर्चा करते हुए बोगो सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी विकास पुरुष ही नहीं पूरी दुनिया में भारत के राष्ट्रवाद को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कई ऐसे बेहतरीन काम किए हैं, जिसका लोहा पूरी दुनिया मान रही है। अब नरेन्द्र मोदी को झुग्गी-झोपड़ी, गरीब-मजदूरों की दिशा में काम करने की जरूरत है।

अभी उनके द्वितीय प्रधानमंत्री काल का बहुत समय बचा हुआ है और लोगों को उम्मीद है कि गरीब-मजदूर-खेतों के लिए काफी समग्र विकास करेंगे। सीएए, एनपीआर एवं एनआरसी की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे बिहार वासियों को डरने की जरूरत नहीं है। बिहार में इससे किसी का कुछ नहीं बिगड़ेगा। इस अवसर पर बोगो सिंह ने 15 सौ से अधिक गरीबों के बीच कंबल का वितरण तथा उन्हें मकर संक्रांति से पहले दही-चुरा भोज कराया। उन्होंने कहा कि गरीबों की सेवा उनके लहू में है और पिछले 20 साल से वह लगातार गरीब की सेवा कर रहे हैं। जब तक उनके शरीर में खून का कतरा रहेगा वह मटिहानी की जनता और मां गंगा की सेवा करते रहेंगे।

लोकतंत्र के विभिन्न पहलुओं की चर्चा करते हुए बोगो सिंह ने कहा कि लोग धर्म ग्रंथ की बात करते हैं। लेकिन धर्म ग्रंथ के मूल को अपने जीवन में नहीं उतारते हैं। मात्र दस प्रतिशत लोग धर्म ग्रंथ के मूल पर काम कर रहे हैं। अगर 90 प्रतिशत में से कुछ और लोग इस पर काम करने लगे तो देश की विकास गति और तेज होगी। लोगों को जाति, पार्टी, क्षेत्रवाद, धर्मवाद से ऊपर उठकर विकासवाद की बात करने की जरूरत है। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद आजाद ने किया।

इस मौके पर पूर्व महापौर संजय सिंह, निगम पार्षद उदय सिंह तथा मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के जदयू के सभी प्रखंड अध्यक्ष एवं पंचायत अध्यक्ष समेत प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।