LSG की हार के बाद वायरल हुआ वीडियो
LSG Owner Sanjiv Goenka-Rishabh Pant Chat: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए IPL 2026 की शुरुआत अच्छी नहीं रही. अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स (DC) टीम को 6 विकेट की करारी हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद मैदान पर कुछ ऐसे नजारे भी देखे गए, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल पैदा कर दी है.
‘एनिमेटेड’ बातचीत का वीडियो वायरल
मैच खत्म होने के बाद लखनऊ के मालिक संजीव गोयनका, कैप्टन ऋषभ पंत और हेड कोच जस्टिन लैंगर के बीच एक ‘एनिमेटेड’ बातचीत का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है. इसे देखकर फैंस केएल राहुल के साथ IPL 2024 के दौरान संजीव गोयनका की बातचीत का मोमेंट याद कर रहे हैं और दोनों में समानता तलाश रहे हैं.
दिल्ली ने आसानी से जीता मुकाबला
LSG vs DC मैच में LSG ने नई ओपनिंग जोड़ी के साथ शुरुआत की. टीम के कप्तान ऋषभ पंत और मिचेल मार्श ओपनिंग के लिए उतरे, जबकि एडन मार्करम को वन डाउन भेजा गया. हालांकि पंत रन आउट हो गए और सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
इसके बाद मार्श और मार्करम ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन पूरी टीम 18.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई.
जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने समीर रिजवी के 47 गेंदों में नाबाद 70 रन और ट्रिस्टन स्टब्स के 39* रनों की मदद से 17.1 ओवर में आसान जीत हासिल कर ली.
हार के बाद गोयनका-पंत के बीच चर्चा
मैच खत्म होने के बाद संजीव गोयनका, ऋषभ पंत और जस्टिन लैंगर एक साथ खड़े होकर बातचीत करते नजर आए. उनके हाव-भाव काफी गंभीर थे, जिससे फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई.
केएल राहुल वाला पुराना विवाद फिर चर्चा में
IPL 2024 के दौरान केएल राहुल के साथ संजीव गोयनका की बातचीत का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था. सनराइजर्स हैदराबाद से हार के बाद गोयनका गुस्से में राहुल से बात करते नजर आए थे.
हालांकि राहुल ने इस मुद्दे पर खुलकर कुछ नहीं कहा, लेकिन उस सीजन के बाद उन्होंने LSG का साथ छोड़ दिया था. अब पंत के साथ भी ऐसा ही व्यवहार सामने आने पर सवाल उठ रहे हैं.
संजीव गोयनका ने दी सफाई
संजीव गोयनका ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह लंबा सीजन है और ऐसे मोमेंट टीम को बेहतर बनाने का हिस्सा होते हैं. उन्होंने टीम और कप्तान पर भरोसा जताते हुए कहा कि LSG मजबूती से वापसी करेगी.


