बेगूसराय में नाबालिग छात्रा को गलत नियत से किया अपहरण, 15 दिन बाद मामला उजागर

छौड़ाही (बेगूसराय) : बेगूसराय जिले के छौड़ाही ओपी क्षेत्र के शाहपुर गांव से एक नाबालिग छात्रा का अपहरण गलत नियत से कर लिया गया। अपहरण का आरोप गांव के ही एक युवक एवं उनके स्वजनों पर लगा है। अपहरणकर्ता के द्वारा मुंह खोलने पर सपरिवार सफाया कर देने की धमकियों से डरे नाबालिग छात्रा के पिता ने घटना के 15 दिन बाद हिम्मत जुटा बुधवार को छौड़ाही ओपी में प्राथमिकी दर्ज करवा कार्रवाई की गुहार लगाई है। छौड़ाही पुलिस मामले को संज्ञान में ले कार्रवाई में जुट गई है।

घटना के संबंध में छौड़ाही ओपी क्षेत्र के शाहपुर निवासी रामप्रीत महतो का कहना है कि उनका घर छर्रापट्टी शाहपुर पासवान टोली के नजदीक है। वहां कुशवाहा जाति के वह अकेले परिवार निवास करते हैं। विगत 20 दिसंबर 2020 की सुबह उनकी नाबालिग 14 वर्षीय पुत्री शौच के लिए बाहर निकली । परंतु वापस नहीं लौटी। अनहोनी की आशंका मे काफी खोजबीन की लेकिन उनकी पुत्री का पता नहीं चला। बताया कि 21 दिसंबर को पता चला कि उनकी नाबालिग पुत्री को शाहपुर छर्रा पट्टी निवासी मुकेश पासवन समेत आठ दस लोगों के साथ जाते देखा गया है। जब मुकेश के पिता कमल पासवान से पूछा तो उन्होंने भागने की बात कबूल किया लेकिन आगे जानकारी से इंकार किया। कहा पता लगा कर बताते हैं।

अपहृत के पिता का कहना है कि शाहपुर छर्रापट्टी निवासी महिला मंचन देवी कुछ दिनों से उनके घर पर हमेशा आकर हिलमिल गई थी। उनकी पुत्री के गायब होने और मुकेश पासवान के साथ देखे जाने कि जानकारी भी इसी महिला ने दी थी। अब उक्त महिला उसी लड़के से पुत्री का विवाह कर देने की बात कह रही है। स्थिति यह है कि नाबालिग पुत्री का अपहरण करने वाले उसकी शादी मुकेश से कर देने की बात कह पुलिस के पास जाने पर सपरिवार सफाया कर देने की धमकी हमेशा देता रहता है। जिससे वह डर गए थे। आज हिम्मत कर पुलिस के पास पहुंचे हैं। उन्होंने शाहपुर निवासी कमल पासवान, दामोदर पासवान, रामपुकार पासवान, अजीत पासवान, लालटून पासवान, सुनीता देवी, रुकमणी देवी, मंचन देवी पर साजिश के तहत गलत नियत से नाबालिग पुत्री का अपहरण करने का आरोप लगाया है।

दूसरी तरफ आरोपित युवक के स्वजनों का कहना है कि लड़की अपने मर्जी से युवक के साथ गई है। हमलोगों को जानकारी नहीं है। अपहरण का झूठा आरोप लगा रहा लगाया जा रहा है। दोनों अभी कहां है किसी को पता नहीं है, हम लोग खोजने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं अपहृत नाबालिग लड़की के स्वजनों से गांव के प्रबुद्ध लोगों ने मुलाकात कर उन्हें निर्भय करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान स्वजनों और ग्रामीणों का कहना था कि लड़की नाबालिक है इस तरह भगा कर ले जाना गंभीर अपराध है। पुलिस त्वरित गति से आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेज सकुशल नाबालिक लड़की को बरामद किया जाए।