बेगूसराय के छौड़ाही में शिकारी कुत्तों ने एक दर्जन बकरियों को नोच खाया , कई लोगों पर कर चुके हैं वार

न्यूज डेस्क : बेगूसराय के छौड़ाही में पागल शिकारी कुत्तों के एक झुंड ने छौड़ाही ओपी क्षेत्र के एकंबा पंचायत के शेखाटोला गांव में कोहराम मचा रखा है। विगत चार दिन से कुत्तों का हमला बकरियों एवं मनुष्य पर बढ़ गया है। अब तक एक दर्जन से ज्यादा बकरियां कुत्तों के हमले में मारी जा चुकी है। कई ग्रामीण भी घायल हुए हैं। जिससे ग्रामीणों में भय उत्पन्न हो गया है। ग्रामीण वन विभाग से कुत्तों से बचाने की गुहार लगा रहे हैं।

इस संदर्भ में जानकारी देते हुए वार्ड सदस्य संघ के प्रखंड अध्यक्ष शेखाटोला निवासी अशोक पंडित लैला बिहारी ने बताया कि पांच शिकारी कुत्ते विगत चार दिन से शेखाटोला गांव के आसपास डेरा जमा दिया है। सोमवार को घास चर रही बकरियों पर कुत्तों ने हमला कर दिया। ग्रामीण जब बकरियों को बचाने गए तो कुत्तों ने ग्रामीणों को भी वहां से दौड़ा दिया। वहीं शिक्षक बिजली पंडित के खेत में अन्य दिनों की भांति दर्जनों बकरियां चर रही थी। चरवाहे खेलने में व्यस्त थे। अचानक पांच कुत्ते आ धमके और बकरी को पांचों कुत्ते मिलकर टांग लिया। सभी कुत्ते बकरियों को अपने अपने तरफ खींचकर नोचने लगे। दरवाजे पर बैठे लैला बिहारी, ऋतुराज विशाल विनय सभी डंडे लेकर कुत्ते के तरफ दौरा तो कुत्ते उन्हें काटने को दौड़ पड़ा।

भागने के क्रम में तीनों व्यक्ति गिरकर घायल हो गए। बाद में सभी बकरियों की भी मौत हो गई। बकरी वासुदेव साह, नंदन सदा और मनोज यादव का था। इसके बाद कुत्ते का झुंड चमरटोली स्कूल के पीछे चर रही बकरियों के ऊपर टूट पड़ा। जिसे बचाने पूर्व मुखिया सुरेश राम के पुत्र अमित कुमार और चाचा भोलाराम डंडे लेकर दौरे तो झुंड उनके ऊपर भी टूट पड़ा। किसी तरह उनकी जान बची। कुत्ते के भय से ग्रामवासी भयभीत हो रहे हैं।