डेस्क : उत्तर भारत के कई राज्यों में पिछले दिनों से प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है। हालांकि, धीरे-धीरे मौसम में परिवर्तन होता जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो इस बार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 49 डिग्री के पार तक पहुंच गया। वहीं, यूपी-बिहार जैसे राज्यों के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार रहा। ऐसे में लोग मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इसी बीच मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिमी मॉनूसन को लेकर गुड न्यूज दी है। विभाग का कहना है कि मानसून बंगाल की खाड़ी के रास्ते पूर्वोत्तर भारत में प्रवेश कर चुका है। दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर- पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के उत्तरपूर्व और मध्य के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है। विभाग ने यह भी कहा है कि मानसून मिजोरम, मणिपुर औऱ नागालैंड के अधिकतर हिस्सों में पहुंच चुका है। वही, दक्षिण पश्चिम मानसून पश्चिम बंगाल से बिहार, झारखंड की तरफ बढ़ रहा है।
बिहार में कब प्रवेश होगा मानसून : भारतीय मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून पश्चिम बंगाल से बिहार, झारखंड की तरफ बढ़ रहा है। फिलहाल, बंगाल के उत्तर पश्चिम की खाड़ी में मानसून पहुंच चुका है। बिहार में मानसून का प्रवेश उत्तर पूर्व के राज्यों के रास्ते होता है। मिजोरम, मणिपुर और नगालैंड के अधिकांश हिस्सों में मानसून पहुंच गया है। बिहार में मानसून का प्रवेश पूर्णिया जिले के रास्ते होने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा मानसून मानचित्र में बताया गया है कि मानसून बिल्कुल बिहार की सीमा पर आ गया है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में मानसून तय समय से छह दिन पहले ही आ गया है।
अगर मानसून की यही गति बनी रही तो बिहार में इसका प्रवेश 10 जून से भी पहले हो सकता है। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मानसून का बिहार में प्रवेश 13 से 15 जून के बीच होने की उम्मीद है। दिल्ली और यूपी में कब पहुंचेगा मानसून : मौसम विभाग की मानें तो, दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और आस-पास के राज्यों में 25 जून तक मानसून पहुंच सकता है। वहीं, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार में 15 जून के आस-पास मॉनसून के पहुंचने का अनुमान है।